Brown Rice vs White Rice: चावल भारतीय थाली का ऐसा हिस्सा है. हालांकि, बाजार में सफेद और ब्राउन दो तरह के चावल मौजूद हैं. इनको देखने के लिए बाद अक्सर पहला सवाल यही आता है- क्या सफेद चावल सेहत के लिए नुकसानदायक है और ब्राउन राइस ही बेहतर विकल्प है? वजन घटाने से लेकर ब्लड शुगर कंट्रोल तक, दोनों को लेकर अलग-अलग दावे सुनने को मिलते हैं. लेकिन, असल में दोनों चावलों में अंतर क्या है? रोजाना खाने के लिए किसे चुनना ज्यादा समझदारी है? इस बारे में बता रही हैं दिल्ली डाइट क्लीनिक नोएडा की डाइटिशियन अमृता मिश्रा-
सफेद चावल से क्यों बन गई दूरी?
सफेद चावल बनाने के दौरान चावल की बाहरी परत और चोकर (ब्रान) की काफी मात्रा हटा दी जाती है. इससे इसकी बनावट मुलायम हो जाती है और यह जल्दी पक भी जाता है. हालांकि, इसी प्रोसेसिंग की वजह से इसमें ब्राउन राइस की तुलना में फाइबर और कुछ सूक्ष्म पोषक तत्व कम रह जाते हैं. सफेद चावल कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत है और शरीर को ऊर्जा देता है. समस्या तब हो सकती है, जब इसे बहुत ज्यादा मात्रा में खाया जाए और पूरी डाइट में सब्जियां, दाल, प्रोटीन और फाइबर की कमी हो. इसलिए सिर्फ चावल को दोष देने के बजाय पूरी प्लेट का संतुलन देखना जरूरी है.
ब्राउन राइस में क्या खास है?
ब्राउन राइस अपेक्षाकृत कम प्रोसेस किया जाता है, इसलिए इसमें चोकर और जर्म की अधिक मात्रा बनी रहती है. यही वजह है कि इसमें सफेद चावल की तुलना में फाइबर, मैग्नीशियम और कुछ अन्य पोषक तत्व अधिक पाए जाते हैं. फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है. ऐसे में जो लोग वजन नियंत्रित करना चाहते हैं, उनके लिए ब्राउन राइस एक उपयोगी विकल्प हो सकता है. अधिक फाइबर वाली डाइट पाचन स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है.
डायबिटीज वालों के लिए कौन बेहतर?
यहां भी ब्राउन राइस को अक्सर बढ़त मिलती है. सफेद चावल जल्दी पच सकता है और कुछ लोगों में ब्लड ग्लूकोज तेजी से बढ़ा सकता है. ब्राउन राइस में मौजूद अतिरिक्त फाइबर पाचन और ग्लूकोज के अवशोषण को अपेक्षाकृत धीमा करने में मदद कर सकता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि डायबिटीज वाले व्यक्ति सफेद चावल बिल्कुल नहीं खा सकते है. मात्रा, चावल के साथ खाई जाने वाली दाल-सब्जी, प्रोटीन और व्यक्ति की कुल डाइट भी उतनी ही महत्वपूर्ण है.
तो क्या सफेद चावल छोड़ देना चाहिए?
ऐसा बिलकुल जरूरी नहीं है. अगर आपको सफेद चावल पसंद है और आप स्वस्थ हैं, तो संतुलित मात्रा में इसे डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है. चावल के साथ दाल, सब्जियां, सलाद या प्रोटीन स्रोत शामिल करने से भोजन ज्यादा संतुलित बनता है.