Best Time to Eat Dinner: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों की जीवनशैली पूरी तरह बदल चुकी है. न सोने का टाइम और न ही खाने का. देर रात भोजन करना कई लोगों की आदत बन चुकी है. ऑफिस से देर से लौटना, मोबाइल या टीवी देखते-देखते खाना या फिर देर रात पार्टी करना, ये सभी कारण डिनर का समय आगे बढ़ा देते हैं. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि रात में बहुत देर से भोजन करना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है? हेल्थ एक्सपर्ट का मानना है कि, केवल क्या खा रहे हैं यह ही नहीं, बल्कि कब खा रहे हैं, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है. ऐसे में सवाल है कि आखिर, रात में किस समय तक खाना खा लेना चाहिए? देर रात भोजन करने के नुकसान क्या हैं? आइए जानते हैं इस बारे में-
रात में किस समय खाना खा लेना चाहिए
डॉक्टर की मानें तो, रात का भोजन सोने से कम से कम 2 से 3 घंटे पहले कर लेना बेहतर माना जाता है. यदि आप रात 10 बजे सोते हैं तो कोशिश करें कि 7 से 8 बजे के बीच डिनर कर लें. इससे शरीर को भोजन पचाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है और नींद की गुणवत्ता भी बेहतर रहती है.
देर रात खाना खाने से हो सकते हैं ये नुकसान
वजन का बढ़ना: देर रात खाने के बाद शरीर की शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं. ऐसे में अतिरिक्त कैलोरी खर्च नहीं हो पाती और लंबे समय में वजन बढ़ने की संभावना बढ़ सकती है.
एसिडिटी और सीने में जलन: खाना खाने के तुरंत बाद लेटने से पेट का एसिड भोजन नली की ओर आ सकता है, जिससे एसिडिटी, सीने में जलन और खट्टी डकार जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
नींद हो सकती खराब: भारी भोजन के बाद शरीर पाचन में व्यस्त रहता है. इससे कई लोगों को बेचैनी, पेट भारी लगना और अच्छी नींद न आने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है.
ब्लड शुगर पर असर: कुछ अध्ययनों से संकेत मिले हैं कि नियमित रूप से देर रात भोजन करने से शरीर के ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म पर असर पड़ सकता है. खासकर डायबिटीज या प्रीडायबिटीज वाले लोगों को भोजन के समय पर विशेष ध्यान देना चाहिए.
पाचन तंत्र पर बढ़ेगा दबाव: रात में देर से और ज्यादा मात्रा में भोजन करने से अपच, गैस, पेट फूलना और भारीपन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
रात के खाने में क्या रखें ध्यान?
- रात का भोजन हल्का और संतुलित रखें.
- ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन खाने से बचें.
- भोजन के तुरंत बाद बिस्तर पर न जाएं. 15–20 मिनट हल्की सैर करना फायदेमंद हो सकता है.
- रात में जरूरत से ज्यादा मीठे और शुगर वाले पेय पदार्थों से दूरी बनाएं.
- हर दिन लगभग एक ही समय पर भोजन करने की आदत डालें.
क्या हर किसी के लिए यही नियम है?
हेल्थ एक्सपर्ट बताते हैं कि भोजन का सही समय व्यक्ति की दिनचर्या, काम के घंटे, स्वास्थ्य और सोने के समय पर भी निर्भर करता है. जो लोग नाइट शिफ्ट में काम करते हैं, उनके लिए भोजन की योजना अलग हो सकती है. यदि आपको डायबिटीज, एसिडिटी, मोटापा या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या है, तो अपने डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह के अनुसार डाइट और भोजन का समय तय करना सबसे बेहतर रहता है.
बता दें कि, समय पर और संतुलित मात्रा में किया गया डिनर न केवल पाचन को बेहतर बनाए रखता है, बल्कि अच्छी नींद, बेहतर मेटाबॉलिज्म और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है. इसलिए अगर आप स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो सिर्फ भोजन की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि उसका समय भी जरूर सुधारें.