Health Tips: आजकल की अनहेल्दी लाइफस्टाइल और गलत खानपान कई बीमारियों की वजह बन रही है. इससे पाने के लिए लोग तमाम हेल्दी चीजों का सेवन करते हैं. फिर भी लोगों की शिकायत होती है कि लाभ नहीं मिलता है. इसके पीछे आपकी कुछ गलत आदतें हो सकती हैं. दरअसल, सुबह उठते ही बिना कुछ खाए सीधे चाय या कॉफी पीना लाखों लोगों की रोजमर्रा की आदत बन चुकी है. कई लोगों का मानना है कि, चाय या कॉफी के बिना उनकी सुबह की शुरुआत ही नहीं हो सकती है. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि यह आदत लंबे समय में पेट की सेहत पर बुरा असर डाल सकती है.
खासतौर पर खाली पेट चाय या कॉफी पीने से एसिडिटी, गैस, सीने में जलन और कुछ लोगों में पेट की परत में जलन बढ़ सकती है. यदि पहले से अल्सर या गैस्ट्राइटिस जैसी समस्या है, तो लक्षण और गंभीर हो सकते हैं. अब सवाल है कि आखिर, खाली पेट चाय या कॉफी पीना नुकसानदायक क्यों? क्या इससे अल्सर हो सकता है? आइए जान लेते हैं काम की बात-
खाली पेट चाय-कॉफी पीना नुकसान क्यों?
हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन पेट में एसिड बनने की प्रक्रिया को बढ़ा सकता है. जब पेट खाली होता है, तो अतिरिक्त एसिड पेट की अंदरूनी परत को प्रभावित कर सकता है. इससे एसिडिटी, बेचैनी, पेट दर्द और सीने में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. कुछ लोगों में यह आदत गैस्ट्राइटिस के लक्षणों को भी बढ़ा सकती है.
क्या खाली पेट चाय पीने से अल्सर हो सकता है?
एक्सपर्ट की मानें, पेप्टिक अल्सर का सबसे आम कारण Helicobacter pylori बैक्टीरिया का संक्रमण और लंबे समय तक दर्द निवारक दवाओं (NSAIDs) का सेवन है. केवल खाली पेट चाय या कॉफी पीना अल्सर का सीधा कारण नहीं माना जाता, लेकिन यदि किसी व्यक्ति को पहले से अल्सर या पेट की सूजन है, तो यह आदत लक्षणों को बढ़ा सकती है और असहजता पैदा कर सकती है.
किन लोगों को ज्यादा सावधानी की जरूरत?
- जिन्हें बार-बार एसिडिटी या गैस की समस्या रहती है.
- गैस्ट्राइटिस या अल्सर से पीड़ित लोग.
- अत्यधिक कैफीन का सेवन करने वाले.
- देर रात खाना खाने या सुबह नाश्ता छोड़ने वाले लोग.
कैसे करें बचाव?
- सुबह उठकर पहले एक गिलास सामान्य या गुनगुना पानी पिएं.
- चाय या कॉफी पीने से पहले फल, भीगे हुए मेवे या हल्का नाश्ता करें.
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं.
- बहुत अधिक मसालेदार और तली-भुनी चीजों का सेवन सीमित रखें.
- कैफीन का सेवन संतुलित मात्रा में करें.
- लगातार पेट दर्द, जलन या उल्टी जैसी समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लें.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है. पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें. Inkhabar इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है.)