Thighs Fat Hobbits: शरीर का बढ़ता वजन दुनियाभर के लोगों के लिए आफत बन चुका है. यह न केवल शारीरिक रूप से परेशान करता है, बल्कि कई बीमारियों का कारण भी बनता है. कई शोध कहते हैं कि, वजन का अनियंत्रित होकर बढ़ना ठीक नहीं होता है. आमतौर पर शरीर के बढ़ते वजन के पीछे का कारण अनहेल्दी लाइफस्टाइल और गलत खानपान ही माना जाता है. लेकिन, हर बार एक ही कारण हो, यह संभव नहीं है. क्योंकि, वेट गेन के पीछे दूसरी वजहें भी हो सकती हैं. इन वजहों से न सिर्फ पेट की चर्बी बढ़ेगी, बल्कि जांघे भी मोटी हो सकती हैं. अब सवाल है कि आखिर पेट और जांघों पर चर्बी कैसे बढ़ती है? हमारी कौन सी आदतें पेट और जांघों की चर्बी बढ़ाती है? इस बारे में बता रही हैं अपोलो मेडिक्स हॉस्पिटल लखनऊ की डाइटिशियन प्रीती पांडे-
पेट और जांघों पर चर्बी बढ़ाने वाली आदतें
प्रोसेस्ड फूड: मोटापे के पीछे गलत खाना सबसे पहला और आम कारण है. अगर आप प्रोसेस्ड फूड का सेवन करते हैं तो शरीर को पोषण की जगह खाली कैलोरी मिलती है. जो बेकार और फैट बढ़ाने का काम करती हैं. इन फूड्स में शुगर, प्रीजर्वेटिव और अनहेल्दी फैट को डाला जाता है.
ज्यादा शुगर: चीनी के अलावा भी कई खाद्य पदार्थ शुगर से भरे होते हैं. इनमें आपकी फेवरेट आइसक्रीम, केक, स्पोर्ट ड्रिंक, कोल्ड ड्रिंक, पैकेटबंद जूस आते हैं. इस्तेमाल करने के बाद बचे हुए ग्लूकोज को शरीर फैट बनाकर पेट और कमर के आसपास स्टोर कर लेता है.
खराब जीवनशैली: अगर आपको बिस्तर या सोफे पर पड़े रहना पसंद है तो मोटे होने के लिए तैयार हो जाएं. क्योंकि खाने से मिलने वाली कैलोरी को शरीर कहीं इस्तेमाल नहीं कर पाता है और यह आपके पूरे शरीर पर चर्बी बनकर जमने लगती है.
गंभीर बीमारियां: खाने के अलावा कई सारी बीमारी की वजह से अचानक वजन बढ़ने लगता है. इनमें हाइपोथायराइडिज्म, डायबिटीज, दिल की बीमारी, पीसीओएस और डिप्रेशन शामिल है. थायराइड और पीसीओएस महिलाओं का वजन अचानक बढ़ा सकती हैं.
दवाएं: ऊपर दी गई बीमारी के अलावा इनका इलाज भी वजन बढ़ा सकता है. हार्वर्ड ने एक स्टडी के हवाले से बताया कि वजन बढ़ना डिप्रेशन की दवा का एक आम साइड इफेक्ट है, जिससे अधिकतर मरीजों को गुजरना पड़ता है.
नींद की कमी: वेट गेन के इस कारण पर लोगों की नजर नहीं जाती. लेकिन नींद की कमी से आपका वजन तेजी से बढ़ सकता है. क्योंकि पूरी नींद ना मिलने से मेटाबॉलिज्म, डायजेशन और कई सारे हॉर्मोन ढंग से काम नहीं कर पाते हैं.