Haryana Kaithal Murder Case: हरियाणा के कैथल के गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में एक साधु की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. डेरे में बने विश्राम गृह में उनका शव पड़ा मिला. शरीर पर चोट के निशान मिले और बाल भी उखाड़े हुए थे. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अनुयायी मौके पर पहुंचे और हंगामा किया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डेरे के मुख्य महंत ने साधु की पीट-पीटकर हत्या की है.
मामला धर्म और हत्या से जुड़ा होने के कारण सीआईए, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और सदर थाना पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और वारदात स्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने डेरे के मुख्य महंत सहित कुछ साधुओं को भी डिटेन कर लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है.
सिगरेट उठाने को लेकर हुआ था महंत से विवाद
सदर थाना एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि साधु शिव शंकरपुरी का डेरे के मुख्य महंत दूजपुरी के साथ सिगरेट उठाने को लेकर विवाद हुआ था. शिव शंकरपुरी, महंत की सिगरेट उठा रहा था, जिसको लेकर झगड़ा हुआ था. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है.
डेरे के सातवें महंत थे रामकृष्ण परमहंस के गुरु तोता पुरी
डेरा राजपुरी का इतिहास काफी गौरवमयी रहा है. विश्व में प्रसिद्धि हासिल करने वाले अध्यात्मिक गुरु रामकृष्ण परमहंस के गुरु तोता पुरी इसी डेरे के सातवें महंत थे. रामकृष्ण परमहंस ही स्वामी विवेकानंद के गुरु हैं.