Haryana News: भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पानीपत में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला ग्राम सचिव किरण को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है. आरोप है कि ग्राम सचिव ने ठेकेदार के बिल पास करने की एवज में 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाकर आरोपी सचिव को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया.
ठेकेदार राजकुमार का आरोप है कि ग्राम सचिव इससे पहले भी उसके काम से जुड़े बिल पास करने के नाम पर उससे करीब 7 लाख रुपये ले चुकी थी. इसके बाद जब अन्य बिल पास करने की बारी आई तो फिर से रिश्वत की मांग की गई.
बहन का रिश्ता बनाया, त्योहार पर घर ले जाता था कोथली
ठेकेदार राजकुमार ने बताया कि उसने महिला ग्राम सचिव को अपनी बहन का दर्जा दे रखा था. तीज-त्योहार के मौके पर वह सचिव के घर कोथली तक लेकर जाता था. ठेकेदार का आरोप है कि इसके बावजूद उससे लगातार पैसों की मांग की जाती रही.
राजकुमार के मुताबिक, पहले करीब 7 लाख रुपये लेने के बाद भी जब अन्य बिल पास करने की बात आई तो महिला सचिव ने कथित तौर पर 1 लाख 20 हजार रुपये की मांग कर दी. बाद में शिकायत और बातचीत के दौरान मामला एक लाख रुपये की रिश्वत की रकम तक पहुंचा.
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार ने मामले की शिकायत ACB को दी. शिकायत की जांच के बाद ACB की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की. तय योजना के तहत ठेकेदार को रिश्वत की रकम देने के लिए भेजा गया. जैसे ही महिला ग्राम सचिव ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम ली, ACB की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों काबू कर लिया.
ACB ने रिश्वत की रकम बरामद कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पूरे प्रकरण में जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित रिश्वतखोरी के मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं. ACB की इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार में लिप्त सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है.