Haryana Crime: हरियाणा के हिसार में बुधवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब मोटरसाइकिल पर सवार 5-6 नकाबपोश लोगों ने कांवड़ियों की भीड़ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से सामने आ रही जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने करीब 6 राउंड फायरिंग की. जैसे ही ये घटना घटित हुई पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
इस गोलीबारी में गोविंद, उनकी पत्नी निशा और उनकी 12 साल की बेटी बीरा गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत पास के जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
हमलावरों ने बिना चेतावनी देकर दी फायरिंग
मिली जानकारी के मुताबिक, परिवार अपने भतीजे को कांवड़ यात्रा के लिए विदा करने आया था, तभी हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के अचानक फायरिंग शुरू कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है. दोनों के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. पुलिस फिलहाल आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात शिव मंदिर के पास बड़ी संख्या में कांवड़िए जमा हो रहे ते और पूजा अर्चना के बाद आगे बढ़ रहे थे. इसी समय दयानंद कॉलोनी के रहने वाले गोविंद (36) अपनी पत्नी निशा (30) और 12 साल की बेटी बीरा (उर्फ गुन्नू) के साथ अपने भांजे को विदा करने वहां पहुंचे थे, जो कांवड़ (पवित्र जल) लेने के लिए निकल रहा था. तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच-छह नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
हमलावर हुए फरार
हमले में गोविंद, उनकी पत्नी और बेटी को गोली लगी. गोलीबारी के बाद हमलावर ITI चौक की ओर भाग गए, जबकि घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. राहगीरों ने तुरंत घायल परिवार को जिंदल अस्पताल पहुंचाया. इसके कुछ ही देर बाद पार्षद जगमोहन मित्तल भी अस्पताल पहुंचे. डॉक्टरों ने बताया है कि अस्पताल में भर्ती परिवार के तीनों सदस्यों की हालत खतरे से बाहर है. पार्षद ने बताया कि गोविंद जिंदल फैक्ट्री में काम करते हैं.