हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. यहां के सिकरोना गांव के एक प्राइवेट स्कूल में घुसकर 21 साल के एक सिरफिरे आशिक ने 26 साल की टीचर संध्या शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी अमित पिछले दो साल से मृतका का पीछा कर रहा था और उससे एकतरफा प्यार करता था. जब टीचर ने उसके सारे रास्ते बंद कर दिए और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी, तो आरोपी ने खौफनाक साजिश रचते हुए स्कूल के अंदर ही उस पर ताबड़तोड़ चाकुओं से वार कर दिए. वारदात इतनी भयानक थी कि आरोपी ने संध्या पर एक के बाद एक 27 से ज्यादा वार किए, जिससे चाकू तक मुड़ गया.
दिनदहाड़े स्कूल परिसर में हुई इस घटना से बच्चों और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के दो घंटे के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया. इस दुखद हादसे के बाद मृतका के पति और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जो अब पुलिस की सुस्ती और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं.
पति का छलका दर्द…’तो आज संध्या जिंदा होती’
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में मृतका के पति विक्की उर्फ विकी ने मीडिया से बात करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पति का कहना है कि अगर पहले ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर दी जाती, तो आज उनकी पत्नी जिंदा होती. परिवार के मुताबिक, आरोपी अमित पिछले 2 साल से लगातार संध्या को परेशान कर रहा था. इसी साल जनवरी में आरोपी ने हद पार करते हुए संध्या का अपहरण कर लिया था और उसके पति के साथ मारपीट भी की थी.
हालांकि, तब दोनों गांवों के बुजुर्गों के बीच पंचायत बैठी थी और आरोपी के परिवारवालों ने भरोसा दिलाया था कि वह अब दोबारा परेशान नहीं करेगा, जिसके चलते पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार बदला लेने की फिराक में था. वो बार-बार संध्या को फोन करके परेशान करता था जिसके कारण संध्या ने अपना फोन ही तोड़कर फेंक दिया था.
ऐसे दिया खूनी खेल को अंजाम
पुलिस पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के खुलासे के मुताबिक, आरोपी अमित सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचा. उसने स्कूल गेट पर मौजूद महिला कर्मचारी से कहा कि संध्या का पति ‘विकी’ मिलने आया है. हालांकि आरोपी ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था लेकिन धूल-मिट्टी से सुरक्षा का सोचकर किसी ने शक नहीं किया.
जब तक संध्या बाहर आई आरोपी गेट पर ही चहलकदमी करता रहा. जैसे ही संध्या क्लास से बाहर मुख्य गेट पर आईं, आरोपी ने उनके बालों को खींचा और बेरहमी से गर्दन व सीने पर एक के बाद एक 27 से ज्यादा वार कर दिए. संध्या अपने पीछे अपने पति और दो मासूम बच्चों (एक 5 साल का बेटा और 3 साल की बेटी) को रोता-बिलखता छोड़ गई है.
फरीदाबाद के सिकरोना गांव के एक प्राइवेट स्कूल में 29 साल की टीचर संध्या की स्कूल परिसर के अंदर ही एक नकाबपोश व्यक्ति ने चाकू मारकर हत्या कर दी; आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। pic.twitter.com/6yd6lwdRdc
— Surabhi🇮🇳 (@surabhi_tiwari_) August 4, 2026
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कड़े सवाल उठाए हैं. घटना के समय स्कूल में करीब 300 छात्र मौजूद थे, लेकिन मुख्य गेट पर कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था, जिससे हत्यारा आसानी से अंदर घुसने में कामयाब हो गया. इस वारदात के बाद, लोगों ने टीचर संध्या को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसकी पहचान 21 साल के अमित के तौर पर हुई है. अदालत ने उसे 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस मामले के पुराने सभी पहलुओं और पारिवारिक आरोपों की गहराई से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें:- दिनदहाड़े सड़क पर मचाया तांडव, जमीन पर लिटाकर बेरहमी से किए ताबड़तोड़ वार; देखने वालों का फट गया कलेजा!