Home > जनरल नॉलेज > कैसे पड़ा फरीदाबाद के बल्लभगढ़ का नाम? औरंगजेब की मौत के बाद उभरी थी नई रियासत, जानिए 300 साल पुराना इतिहास

कैसे पड़ा फरीदाबाद के बल्लभगढ़ का नाम? औरंगजेब की मौत के बाद उभरी थी नई रियासत, जानिए 300 साल पुराना इतिहास

Ballabhgarh History: हरियाणा के फरीदाबाद का बल्लभगढ़ शहर सिर्फ़ एक इंडस्ट्रियल हब नहीं है; बल्कि यह सदियों पुराने इतिहास से भी जुड़ा है.

By: Shristi S | Published: June 15, 2026 12:23:27 AM IST



Ballabhgarh Name History: हरियाणा के फरीदाबाद का बल्लभगढ़ शहर सिर्फ़ एक इंडस्ट्रियल हब नहीं है; बल्कि यह सदियों पुराने इतिहास से भी जुड़ा है. आज यहां कई बड़ी कंपनियां हैं जो हज़ारों लोगों को रोज़गार देती हैं और बाहर के लोगों को यहां बसने के लिए आकर्षित करती हैं. फिर भी, इस आधुनिक विकास के बीच बल्लभगढ़ ने अपनी ऐतिहासिक पहचान बनाए रखी है.

राजा नाहर सिंह का महल, ‘रानी की छतरी’ और पुरानी रियासत की विरासत जैसी जगहें इस शहर को खास बनाती हैं. आस-पास के इलाकों में बड़े पैमाने पर खेती होती है, जहां किसान गेहूँ, धान, कपास और कई तरह की सब्ज़ियां उगाकर अपनी आजीविका चलाते हैं. इस इलाके के ग्रामीण जीवन में पशुपालन भी अहम भूमिका निभाता है.

एक नई रियासत के तौर पर उदय

फरीदाबाद के DAV कॉलेज के इतिहास विभाग के प्रोफ़ेसर कमलेश ने बताया कि बल्लभगढ़ मध्यकाल में तेवतिया जाटों द्वारा स्थापित एक महत्वपूर्ण रियासत थी. 1707 में मुग़ल बादशाह औरंगज़ेब की मौत के बाद, पूरे इलाके में अराजकता का माहौल फैल गया. किसानों ने टैक्स देना बंद कर दिया, व्यापारियों ने टोल देने से इनकार कर दिया और कई स्थानीय सरदारों ने अपने-अपने इलाकों में आज़ाद शासन स्थापित कर लिया. इसी दौर में कई नई रियासतें बनीं, जिनमें बल्लभगढ़ एक प्रमुख रियासत के तौर पर उभरा.

अंग्रेज़ों से सीधी टक्कर

कमलेश बताते हैं कि 1857 की क्रांति में बल्लभगढ़ ने अहम भूमिका निभाई थी. उस समय के शासक राजा नाहर सिंह ने खुलकर अंग्रेज़ों का विरोध किया. उन्होंने दिल्ली में विद्रोहियों की मदद के लिए अपनी सेना भेजी और अंग्रेज़ी शासन के ख़िलाफ़ कई लड़ाइयों में हिस्सा लिया. उनके नेतृत्व में क्रांतिकारियों ने अंग्रेज़ों के सामने एक बड़ी चुनौती पेश की.

कमलेश आगे बताते हैं कि 1857 की क्रांति के नाकाम होने के बाद, अंग्रेज़ों ने राजा नाहर सिंह को गिरफ़्तार कर लिया. बाद में, उन्हें और उनके साथियों को दिल्ली के चांदनी चौक में फांसी दे दी गई. गुलाब सिंह सैनी और भूरा सिंह जैसे कमांडर भी उनके साथ क्रांति में सक्रिय रूप से शामिल थे. आज भी यह इलाका राजा नाहर सिंह की कुर्बानी के लिए याद किया जाता है.

ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक

कमलेश बताते हैं कि राजा नाहर सिंह का किला और नाहर सिंह महल शहर की ऐतिहासिक विरासत के प्रतीक हैं. महल की बनावट पर्यटकों को आकर्षित करती है और यहां अक्सर फ़िल्मों और टेलीविज़न शो की शूटिंग होती है. हर साल होने वाला ‘कार्तिक सांस्कृतिक महोत्सव’ भी इस ऐतिहासिक जगह को एक अलग पहचान देता है. बल्लभगढ़ को फरीदाबाद के सबसे अहम कस्बों में से एक माना जाता है, जहां इतिहास, संस्कृति, पर्यटन और आधुनिक विकास का अनूठा संगम देखने को मिलता है. 

Advertisement