Bull Attack in Ambala: हरियाणा के अंबाला कैंट में सोमवार की सुबह लोगों के लिए किसी डरावने मंजर से कम नहीं रहा. सड़क पर घूम रहे एक सांड ने करीब दो घंटे तक जमकर उत्पात मचाया और लगभग एक किलोमीटर के दायरे में चार लोगों को घायल कर दिया.
सबसे खौफनाक हमला उस वक्त हुआ, जब स्कूल जा रही 9वीं कक्षा की छात्रा सांड की चपेट में आ गई. सांड ने बच्ची की सींगों से उठाकर करीब 7 फीट हवा में उछाल दिया और जमीन पर पटक दिया. हादसे में बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई और उसे 18 टांके लगाए गए है.
सीसीटीवी में कैद हुआ बच्ची पर हमला
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वीडियो में सड़क से पहले एक कार और फिर स्कूटी गुजरती दिखाई देती है. कुछ ही सेकेंड बाद सांड अचानक स्कूल ड्रेस में बैग लेकर जा रही बच्ची की तरफ दौड़ता है. सांड की सींग बच्ची के बैग में फंस जाती है और वह सड़क पर गिर जाती है. इसके बाद सांड दोबारा उस पर हमला करता है और उसे सींगों से उठाकर पटक देता है. बच्ची का सिर सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा जाता है. आसपास मौजूद लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े और उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया.
*अंबाला कैंट में आवारा सांड का आतंक, स्कूल जा रही बच्ची को पटका*
अंबाला कैंट के लालकुर्ती क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। स्कूल जा रही एक छोटी बच्ची पर अचानक सांड ने हमला कर दिया और उसे पटक दिया। pic.twitter.com/0d8uTVTHVG
— amarshah (@amargkp_shah) August 24, 2026
सुबह 5 बजे से शुरू हुआ आतंक
लालकुर्ती के पूर्व पार्षद नवीन यादव के मुताबिक, सांड ने सुबह करीब 5 बजे से ही लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था. सबसे पहले वह एक्टिवा सवार सोमनाथ के पीछे दौड़ा. जान बचाने के लिए उन्हें अपनी स्कूटी छोड़कर भागना पड़ा. इसके बाद सांड ने स्कूल जा रही 9वीं की छात्रा को निशाना बनाया. बच्ची को गंभीर चोटें आने के बाद उसका अस्पताल में इलाज कराया गया.
इसके बाद सांड माल रोड की तरफ पहुंचा, जहां उसने एक गोरखा सर्वेंट मनोज थापा पर हमला कर दिया. सांड के हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल हुए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए PGI रेफर किया गया.
बेटी को बचाने मां सांड के सामने लेटी
सांड का आतंक यहीं खत्म नहीं हुआ, कुछ फौजियों ने सांड को वहां से भगाया, लेकिन वह आकाशदीप कम्युनिटी सेंटर के पास पहुंच गया. यहां एक महिला अपनी करीब 7 से 8 साल की बेटी के साथ मौजूद थी. सांड ने दोनों पर हमला कर दिया. बेटी को बचाने के लिए मां उसके ऊपर लेट गईं. इस दौरान मां को ज्यादा चोटें आईं. दोनों को इलाज के लिए मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया.
सांड की तलाश जारी
लगातार चार लोगों को घायल करने के बाद सांड कैंटोनमेंट इलाके में घुस गया. इसके बाद आर्मी की टीमें उसे पकड़ने के लिए तलाश में जुट गईं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.