Ram Laddu History: भारत में तरह-तरह के पकवान मिलते हैं. छोले भटूरों से लेकर गोल गप्पे तक. ये वो पकवान है जिनका स्वाद हर भारतीय की जुबान पर लगा हुआ है. यानी हर महीने में एक न एक दिन तो भारतीय को इसका मजा चखना ही होता है. लेकिन आज हम जिस पकवान की बात करने जा रहे हैं बेशक उसे हर किसी ने खाया होगा. जी हां! सही समझे हम बात कर रहे हैं राम लड्डू की मूंग दाल और चने की दाल से बने ते लड्डू बेहद स्वादिष्ट और मजेदार होते हैं. हर इलाके में जगह जगह फेरी वाले इसे लेकर घूमते हैं और मात्र 20 या 30 रुपए में इसे बेचते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसका नाम राम लड्डू क्यों पड़ा. कई लोगों के मन में ये सवाल उठता है कि कहीं इसका कोई कनेक्शन भगवान श्री राम से तो नहीं? तो चलिए जान लेते हैं कि इसका क्या इतिहास है.
कैसे पड़ा लड्डुओं का राम लड्डू नाम?
राम लड्डू दिल्ली और अयोध्या में ज्यादा खाए जाने वाला पकवान है. मूली के लच्छे और हरी पुदीने की चटनी संग इसे परोसा जाता है. चलिए जान लेते हैं कि इसका क्या इतिहास है? इंडिया टीवी रिपोर्ट के मुताबिक जब इसे लेकर स्ट्रीट सर्वे किया गया तो, लाजपत नगर में ‘राम लड्डू’ बेचने वाले एक वेंडर ने इस स्नैक के पीछे का पूरा इतिहास बता डाला. उन्होंने बताया कि राम लड्डू की कहानी 1983 में शुरू हुई, जब लाजपत नगर में इन लड्डुओं को बेचने वाली एक दुकान हुआ करती थी. दुकान के मालिक का नाम राम बाबू था और उन्हीं के नाम पर इस स्नैक का नाम ‘राम लड्डू’ पड़ा. तो, यह साफ़ है कि इस लड्डू का भगवान राम से कोई संबंध नहीं है; दुकान के मालिक की वजह से ही इसका नाम ‘राम लड्डू’ पड़ा है.
घर पर राम लड्डू बनाने की विधि
ऐसे में कहानी सुनते-सुनते आपके मुंह में भी पानी आ गया होगा? तो हम आज आपको ये भी बताएंगे कि ये मजेदार रेसिपी घर पर ही आसानी से कैसे बनाई जाए.
सामग्री:
- 1 कप मूंग दाल
- ½ कप चना दाल
- 1–2 हरी मिर्च
- ½ इंच अदरक
- नमक स्वादानुसार
- ½ चम्मच जीरा
- चुटकी भर हींग
- तलने के लिए तेल
- ऊपर से डालने के लिए कद्दूकस की हुई मूली
- हरी चटनी और मीठी इमली की चटनी
चाट बनाने की विधि
दाल भिगोएँ: मूंग दाल और चना दाल को अच्छी तरह धोकर 4–5 घंटे पानी में भिगो दें.
पेस्ट बनाएँ: पानी निकालकर दाल को हरी मिर्च और अदरक के साथ दरदरा पीस लें.
घोल तैयार करें: इसमें नमक, जीरा और हींग डालकर अच्छी तरह फेंटें. घोल को 5–10 मिनट फेंटने से लड्डू ज्यादा फूले हुए बनेंगे.
लड्डू तलें: कड़ाही में तेल गरम करें. हाथ या चम्मच से छोटे-छोटे गोले बनाकर मध्यम आँच पर सुनहरे और कुरकुरे होने तक तलें.
पानी में डालें: तले हुए लड्डुओं को 5–10 मिनट के लिए गुनगुने पानी में डालें.
पानी निचोड़ें: लड्डुओं को हल्के हाथ से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल दें.
परोसें: ऊपर से हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी और कद्दूकस की हुई मूली डालें.
तैयार हैं स्वादिष्ट और कुरकुरे राम लड्डू