Home > मनोरंजन > Who is Shreya Kalra: टिकटॉक से लेकर ट्रॉफी तक! जानें कौन हैं ‘लॉक अप 2’ की विनर श्रेया कालरा?

Who is Shreya Kalra: टिकटॉक से लेकर ट्रॉफी तक! जानें कौन हैं ‘लॉक अप 2’ की विनर श्रेया कालरा?

Lock Upp Season 2 Winner: इंदौर की श्रेया कालरा बनीं 'लॉक अप 2' की विजेता! 1 करोड़ की ट्रॉफी अपने नाम करने वाली श्रेया कौन हैं, टिकटॉक से लेकर रोडीज और 'लॉक अप' की विनर बनने तक का उनका सफर कैसा रहा, जानिए सब कुछ

By: Shivani Singh | Published: August 5, 2026 8:59:21 PM IST



सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेया कालरा ‘लॉक अप सीजन 2’ (Lock Upp Season 2) की विजेता बन गई हैं. उन्होंने शानदार जीत दर्ज करते हुए शो की ट्रॉफी और 1 करोड़ रुपये की कैश प्राइज मनी अपने नाम कर ली. ग्रैंड फिनाले के दौरान शो के होस्ट रितेश देशमुख और फराह खान ने उनकी जीत का आधिकारिक ऐलान किया. इस सीजन के टॉप 5 फाइनलिस्ट में शिवांगी जोशी, राम कपूर, योगेश रावत और शिल्पा शिंदे शामिल रहे.

श्रेया कालरा कौन हैं?

श्रेया कालरा मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली एक डिजिटल क्रिएटर, एक्ट्रेस, पॉडकास्टर और रियलिटी टीवी पर्सनालिटी हैं. एक पहाड़ी परिवार में जन्मी श्रेया का पालन-पोषण उनके माता-पिता, किशोर कालरा और राजकुमारी कालरा ने किया. परिवार में उनका एक भाई भी है, जिनका नाम मानिशी कालरा है.

श्रेया ने अपनी शुरुआती पढ़ाई इंदौर से पूरी की और इसके बाद MBA की डिग्री हासिल की. कंटेंट क्रिएटर के तौर पर उनके सफर की शुरुआत साल 2018 में टिकटॉक (TikTok) से हुई थी, जहां वह डांस, फैशन और लिप-सिंक वीडियो बनाया करती थीं.

साल 2020 में भारत में टिकटॉक बैन होने के बाद, उन्होंने अपना ध्यान इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर शिफ्ट कर लिया. यहाँ उन्होंने लाइफस्टाइल, एंटरटेनमेंट और क्रिएटर-फोकस्ड कंटेंट के जरिए अपनी एक मजबूत पहचान बनाई और उनके फॉलोअर्स तेजी से बढ़ते गए. 

डिजिटल दुनिया में नाम कमाने के बाद श्रेया ने रियलिटी टीवी का रुख किया.

साल 2020 में उन्होंने ‘एमटीवी रोडीज रिवोल्यूशन’ (MTV Roadies Revolution) में निखिल चिनपा की गैंग में बतौर वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट एंट्री ली. भले ही शो में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन अपनी बेबाक पर्सनालिटी की वजह से उन्होंने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

इसके बाद उन्होंने अपने करियर को नया आयाम दिया. श्रेया ने डिजिटल रियलिटी शोज होस्ट किए, अपना खुद का पॉडकास्ट लॉन्च किया और लाइफस्टाइल व एंटरटेनमेंट कंटेंट के जरिए सिर्फ एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से आगे बढ़कर खुद को एक बहुमुखी क्रिएटर के रूप में स्थापित किया.

शो में श्रेया का दबदबा 

‘लॉक अप सीजन 2’ की शुरुआत से ही श्रेया कालरा शो की सबसे चर्चित और बेबाक कंटेस्टेंट बनकर उभरीं. पहले ही एपिसोड से उन्होंने खुद को गेम के केंद्र में रखा. शिल्पा शिंदे और आकांक्षा चमोला जैसे सह-प्रतियोगियों के साथ उनकी तीखी बहस और तकरार ने जमकर सुर्खियां बटोरीं. अपनी बात बेबाकी से रखने, घर के मजबूत गठबंधनों को सीधी चुनौती देने और अपने निजी जीवन से जुड़े भावनात्मक खुलासों की वजह से वह लगातार सुर्खियों में बनी रहीं और सोशल मीडिया पर भी उन्हें लेकर लगातार चर्चा होती रही.

जैसे-जैसे शो आगे बढ़ा, श्रेया ने खुद को एक चतुर रणनीतिकार साबित किया. उन्होंने जेल के भीतर की राजनीति को बखूबी समझते हुए फाइनल वीक में अपनी जगह पक्की की. उनके गेम का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट सेमी-फाइनल राउंड में आया, जब उन्होंने अपनी ‘एडवांटेज पावर’ का इस्तेमाल कर खुद को एलिमिनेशन से बचाया और वोटिंग के समीकरणों को बदलकर अपने सीधे प्रतिद्वंदियों को रेस से बाहर कर दिया.

Advertisement