Jana Nayagan Release Date: सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की फिल्म ‘जना नायकन’ जुलाई में रिलीज होगी और इस सप्ताहांत तक इसे सेंसर सर्टिफिकेट मिलने की संभावना है.
विजय थलापति की बहुप्रतीक्षित फिल्म जन नायकन कई साल से सेंसरबोर्ड में अटकी हुई है. खबरों के अनुसार केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) की समीक्षा समिति ने फिल्म को मंजूरी दे दी है. जिससे इसकी रिलीज का रास्ता साफ हो गया है. विजय के फैंस इस फिल्म को लेकर विशेष उत्साहित हैं.
क्यों नहीं रिलीज हुई फिल्म
फिल्म को पिछले साल के अंत में सेंसरशिप समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद प्रमाणन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा था. जांच समिति ने दिसंबर 2025 में फिल्म की समीक्षा की थी और कुछ कट लगाने का सुझाव दिया था, जिन्हें निर्माताओं ने लागू कर दिया था. इसके बाद, फिल्म 9 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली थी. हालांकि, प्रमाणन प्रक्रिया में तब नया मोड़ आया जब जांच समिति के एक सदस्य ने कथित तौर पर सीबीएफसी अध्यक्ष प्रसून जोशी को फिल्म के कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए पत्र लिखा. आपत्ति उठाए जाने के बाद, सीबीएफसी प्रमुख ने मामले को पुनरीक्षण समिति को सौंप दिया.
इसी बीच, जन नायकन के निदेशक ने प्रमाणन में देरी को लेकर मद्रास उच्च न्यायालय और बाद में भारत के सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया. सूत्रों के अनुसार, आदर्श आचार संहिता के कारण भी पहले प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया था. निर्माता अब रिलीज की तारीख की आधिकारिक घोषणा करने से पहले अंतिम सेंसर प्रमाण पत्र का इंतजार कर रहे हैं.
विजय के फैंस को है फिल्म का इंतजार
इस फिल्म ने जनता का काफी ध्यान आकर्षित किया है क्योंकि इसमें मौजूदा मुख्यमंत्री विजय मुख्य भूमिका में हैं, जिससे यह हाल के वर्षों में सबसे अधिक देखी जाने वाली तमिल फिल्मों में से एक बन गई है. विजय की फिल्म ‘जना नायकन’ की रिलीज में अप्रत्याशित देरी हो रही है, जिससे प्रशंसक बेसब्री से आधिकारिक अपडेट का इंतजार कर रहे हैं. फिल्म के निर्देशक वेंकट का कहना है, “दरअसल, सभी प्रशंसक यही मांग कर रहे हैं. उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि टाइटल कार्ड को ‘थलपति विजय’ से बदलकर ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री’ कर दिया जाए. जब हमने फिल्म शुरू की थी, तब हमें नहीं पता था कि हमें इन सब झंझटों से गुजरना पड़ेगा. एक तरह से देखा जाए तो यह खुशी का पल है कि विजय सर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं और सचमुच तमिलनाडु के जननायक हैं. शायद यही नियति थी कि यह फिल्म उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद ही रिलीज हो.” एच. विनोथ द्वारा निर्देशित और केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित इस फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और मामिता बैजू भी मुख्य भूमिका में हैं.