Taarak Mehta Ka Ooltah Chashma: ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ दशकों से लोगों को फेवरेट बना हुआ है. 90s के दौर के बच्चों के लिए ये काफी फेवरेट हुआ करता था. कुछ लोगों की तो अब तक ये आदत है कि वो इस शो को देखते ही हैं और कुछ तो देखते हुए ही खाना खाते हैं. ये शो बीते 17 सालों से टीवी का सबसे पॉपुलर कॉमेडी शो बना हुआ है. 17 सालों में कई किरदार चले गए और कई नए आए लेकिनन अगर शो में कुछ नहीं बदला, तो वो थी गोकुलधाम सोसायटी. यहां तारक मेहता, जेठालाल, भिड़े, पोपटलाल, अय्यर, डॉ. हाथी समेत सभी किरदारों की मजेदार कहानियां हैं. हालांकि हाल ही में एक वीडियो सामने आई, जिसने सबको टेंशन में डाल दिया.
वीडियो देख परेशान हुए फैंस
हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने शो के लाखों फैंस को परेशान कर दिया. वीडियो में गोकुलधाम सोसायटी के सेट पर बड़े पैमाने पर काम चलता दिखाई दे रहा था. कई जगह दीवारें हटाई जा रही थीं, मजदूर काम में जुटे थे और पूरा सेट बल्लियों व फट्टों से ढका हुआ नजर आ रहा था. यह नजारा देखकर लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि क्या गोकुलधाम सोसायटी को हमेशा के लिए तोड़ा जा रहा है? क्या शो में बड़ा बदलाव होने वाला है?
फैंस ने जताई चिंता
वीडियो देखते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ लोगों ने कहा कि शायद शो बंद होने वाला है, तो कुछ ने अंदाजा लगाया कि अब गोकुलधाम का पूरा सेट बदल दिया जाएगा. कई फैंस ने चिंता जताई कि कहीं उनकी पसंदीदा सोसायटी हमेशा के लिए गायब न हो जाए. हालांकि वीडियो सामने आने के बाद शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने खुद सामने आकर पूरे मामले की सच्चाई बताई.
असित मोदी ने बताई वजह
असित मोदी ने साफ किया कि घबराने की कोई बात नहीं है. गोकुलधाम सोसायटी को तोड़ा नहीं जा रहा, बल्कि उसका रेनोवेशन किया जा रहा है ताकि दर्शकों को पहले से बेहतर और नए लुक में वही पसंदीदा सोसायटी दिखाई जा सके. उन्होंने एक वीडियो जारी किया, जिसमें कहा कि जो कुछ भी हो रहा है, वह अच्छे के लिए हो रहा है. गोकुलधाम सोसायटी का रेनोवेशन चल रहा है. कुछ समय बाद आप इसे बिल्कुल नए रंग-रूप और नए अंदाज में देखेंगे. उम्मीद है कि गोकुलधाम का यह नया अवतार भी आपको उतना ही पसंद आएगा. वीडियो में असित मोदी सेट पर चल रहे काम का जायजा लेते भी नजर आते हैं. वह इंजीनियरों, सुपरवाइजर और मजदूरों से बातचीत करते हैं और काम को सुरक्षित व समय पर पूरा करने के निर्देश देते हैं.