क्रॉल (Kroll) की लेटेस्ट ‘सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्युएशन रिपोर्ट 2025’ आ चुकी है और इस बार इस लिस्ट ने हर किसी को चौंका दिया है. पिछले कई सालों से नंबर वन की कुर्सी पर काबिज रहने वाले स्टार क्रिकेटर विराट कोहली इस बार पिछड़ गए हैं. मज़ेदार बात यह है कि भारत के सबसे कीमती (Most Valuable Celebrity) सेलिब्रिटी का ताज उस सुपरस्टार के सिर सजा है, जिसकी पिछले करीब 3 साल से सिनेमाघरों में कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई है. जी हां, हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के ‘किंग खान’ यानी शाहरुख खान की, जिन्होंने तगड़ी ब्रांड वैल्यू के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया है. वहीं, अपनी फिल्मों की ताबड़तोड़ सफलता के दम पर रणवीर सिंह ने भी विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान बरकरार रखा है. इस लिस्ट में आपकी फेवरेट फीमेल सेलेब्रिटी के नाम भी शामिल हैं.
शाहरुख खान बने नंबर 1, ब्रांड वैल्यू 1700 करोड़ के पार
क्रॉल की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, सुपरस्टार शाहरुख खान $177.9 मिलियन (लगभग ₹1700 करोड़) की ब्रांड वैल्यू के साथ पहले पायदान पर पहुंच गए हैं. साल 2024 की रिपोर्ट में वह तीसरे नंबर पर थे. हैरान करने वाली बात यह है कि दिसंबर 2023 में आई फिल्म ‘डंकी’ के बाद से परदे पर उनकी कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई है, इसके बावजूद उनकी ब्रांड वैल्यू आसमान छू रही है. यह साबित करता है कि शाहरुख का क्रेज फिल्मों से कहीं आगे है. हालांकि, फैंस का यह इंतजार जल्द खत्म होने वाला है क्योंकि इस साल दिसंबर में सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में आ रही फिल्म ‘किंग’ के साथ वह बड़े परदे पर वापसी कर रहे हैं.
रणवीर सिंह और विराट कोहली भी लिस्ट में शामिल
पिछले साल की तरह इस बार भी रणवीर सिंह ने दूसरा स्थान पक्का किया है. उनकी ब्रांड वैल्यू $162.9 मिलियन (लगभग ₹1550 करोड़) आंकी गई है. उनकी हालिया फिल्मों की जबरदस्त सफलता ने उनके स्टारडम और ब्रांड वैल्यू को और मजबूत किया है. जबकि पिछले साल नंबर वन पर रहने वाले पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली इस बार फिसलकर तीसरे नंबर पर आ गए हैं. उनकी ब्रांड वैल्यू $158.4 मिलियन (लगभग ₹1500 करोड़) है.
टॉप 10 में कौन-कौन है शामिल?
विराट के बाद क्रिकेट जगत के दिग्गजों में एमएस धोनी और सचिन तेंदुलकर ने क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया है. वहीं, बॉलीवुड की बात करें तो आलिया भट्ट इस लिस्ट में सबसे ऊंची पायदान पर रहने वाली महिला सेलिब्रिटी हैं, जो $93.2 मिलियन की ब्रांड वैल्यू के साथ छठे स्थान पर हैं. उनके पति रणबीर कपूर 10वें स्थान पर हैं.
इसके अलावा दीपिका पादुकोण, ऋतिक रोशन और अमिताभ बच्चन ने भी टॉप 10 में अपनी जगह बनाई है. क्रॉल की इस रिपोर्ट से यह साफ हो गया है कि भारतीय सेलिब्रिटीज़ का जलवा सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि विज्ञापनों और सोशल मीडिया की दुनिया में भी उनका सिक्का जोरदार तरीके से चल रहा है.