Home > मनोरंजन > संभावना सेठ ने जेल में काटी रात, हाउसहेल्प के कारण हुई परेशानी, जानें क्या है मामला?

संभावना सेठ ने जेल में काटी रात, हाउसहेल्प के कारण हुई परेशानी, जानें क्या है मामला?

एक्ट्रेस संभावना सेठ और उनके पति अविनाश ने एक वीडियो के जरिए बताया कि उन्हें एक रात जेल में बितानी पड़ी. इसका कारण उनकी हाउस हेल्प की बहन थी. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए पूरे मामले पर खुलकर बात की है.

By: Deepika Pandey | Published: July 31, 2026 3:25:11 PM IST



Sambhavna Seth: एक्ट्रेस संभावना सेठ और उनके पति अविनाश द्विवेदी ने अपने यूट्यूब वीडियो में एक परेशान करने वाली घटना का जिक्र किया है. दोनों ने बताया कि उनकी हाउस हेल्प गुड़िया की बड़ी बहन के साथ कथित तौर पर बेहद खराब व्यवहार किया गया. उनका आरोप है कि मुंबई के खारघर इलाके में वो एक कपल के घर काम करने गई थी. इसके बाद उसे वहां से जाने नहीं दिया गया और कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया.

संभावना और अविनाश के मुताबिक, गुड़िया की बहन एक एजेंसी के जरिए उस घर में काम करने पहुंची थी. वहां उसे पांच कुत्तों और 13 बिल्लियों की देखभाल का काम दिया गया था. शुरुआत में सब ठीक था लेकिन धीरे-धीरे उससे ज्यादा काम कराया जाने लगा. जब उसने अतिरिक्त काम करने से मना किया तो कथित तौर पर उसे वहां से जाने नहीं दिया गया.

बहन ने फोन पर बताई अपनी परेशानी

अविनाश ने बताया कि जब उनकी हाउस हेल्प गुड़िया अचानक रोने लगी, तो संभावना ने उससे वजह पूछी. तब गुड़िया ने बताया कि उसकी बड़ी बहन मुश्किल में है और उसे धमकियां मिल रही हैं. इसके बाद संभावना ने मामले की जानकारी लेने की कोशिश की. आरोप है कि महिला से उसका पहचान पत्र ले लिया गया था और उसे खाना भी ठीक से नहीं दिया जा रहा था. इतना ही नहीं, उसके कपड़े भी कथित तौर पर छिपा दिए गए थे, ताकि वह घर से बाहर न जा सके. महिला ने कथित तौर पर मदद की गुहार लगाई थी.

एजेंसी को भी घर में नहीं जाने दिया

संभावना ने बताया कि उन्होंने संबंधित एजेंसी से महिला की मदद करने को कहा. एजेंसी के लोग जब वहां पहुंचे तो कथित तौर पर बिल्डिंग के वॉचमैन ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी. इसके बाद संभावना ने खुद उस घर में मौजूद महिला से बात करने की कोशिश की. उनके मुताबिक, जैसे ही सामने वाली महिला को पता चला कि फोन पर संभावना सेठ बात कर रही हैं, उसका व्यवहार बदल गया. काफी बातचीत के बाद भी महिला को बाहर भेजने में परेशानी हो रही थी. आखिरकार एजेंसी के कुछ लोग उसी बिल्डिंग में रहने वाली एक एनजीओ कार्यकर्ता की मदद से घर के अंदर पहुंचे. काफी कोशिशों के बाद वे महिला को वहां से बाहर निकालकर संभावना के घर ले आए.

आधी रात पहुंचे थाने 

संभावना के मुताबिक, जब महिला उनके घर पहुंची तो उसकी हालत काफी खराब थी और वह बेहद डरी हुई थी. उसे डर था कि अगर वह दोबारा उस कपल के सामने गई तो उसके साथ मारपीट हो सकती है. अविनाश ने बताया कि एजेंसी की ओर से पहले पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की गई थी लेकिन कथित तौर पर उस समय मदद नहीं मिल सकी. बाद में संबंधित कपल भी पुलिस स्टेशन पहुंचा और महिला पर आरोप लगाने लगा. इसके बाद संभावना, अविनाश और अन्य लोग आधी रात को बांगुर नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे. उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी शिकायत सुनी और सुबह करीब 8 बजे तक FIR दर्ज की गई.

क्या बोली हाउसहेल्प?

इस पूरे मामले के बाद संभावना की हाउस हेल्प गुड़िया ने भी वीडियो में अपनी बात रखी. उसने कहा कि अगर उस समय संभावना और अविनाश ने उसकी मदद नहीं की होती, तो शायद उसकी बहन आज जिंदा नहीं होती. फिलहाल महिला इस घटना के बाद सदमे में बताई जा रही है. संभावना और अविनाश ने भी लोगों से ऐसे मामलों में घरेलू कामगारों की सुरक्षा और उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेने की अपील की है.

Advertisement