Salman Khan Wanted Movie: फिल्मों की दुनिया में अक्सर बड़े सितारे अपनी पसंद और सुझाव मेकर्स के सामने रखते हैं. कई बार उनकी राय कास्टिंग से लेकर कहानी तक में बड़ी भूमिका निभाती है. ऐसा ही एक दिलचस्प खुलासा हाल ही में फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने किया है. उन्होंने बताया कि जब तेलुगु सुपरहिट फिल्म ‘पोकिरी’ का हिंदी रीमेक ‘वॉन्टेड’ बनाया जा रहा था, तब सलमान खान चाहते थे कि फिल्म में उनकी हीरोइन कैटरीना कैफ हों. हालांकि, आखिरकार ये रोल आयशा टाकिया को मिला और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई.
साल 2009 में रिलीज हुई ‘वॉन्टेड’ को सलमान खान के करियर का टर्निंग पॉइंट माना जाता है. प्रभु देवा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने सलमान को एक बार फिर बड़े एक्शन स्टार के रूप में स्थापित किया. फिल्म में उनकी और आयशा टाकिया की जोड़ी को भी लोगों ने खूब पसंद किया.
‘पोकिरी’ से शुरू हुई ‘वॉन्टेड’ की कहानी
बोनी कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने 2006 की तेलुगु ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पोकिरी’ देखी थी. फिल्म देखने के बाद उन्हें लगा कि इसके मेन किरदार ‘राधे’ के लिए सलमान खान सबसे सही रहेंगे. हालांकि, उस समय सलमान अपने काम में काफी व्यस्त थे और शुरुआती स्क्रीनिंग में शामिल नहीं हो पाए थे.
बोनी कपूर को डर था कि कहीं दूसरी भाषाओं में रीमेक बनने के बाद फिल्म के हिंदी रीमेक के अधिकार उनके हाथ से न निकल जाएं. लेकिन जब सलमान ने आखिरकार फिल्म देखी, तो उन्हें कहानी पसंद आई और उन्होंने तुरंत इसके लिए हामी भर दी.
सलमान की पहली पसंद थीं कैटरीना कैफ
फिल्म की कास्टिंग के दौरान सलमान खान ने बोनी कपूर को कैटरीना कैफ का नाम सुझाया था. उस दौर में दोनों के रिश्ते को लेकर काफी चर्चाएं थीं और सलमान चाहते थे कि कैटरीना फिल्म में उनके साथ नजर आएं.
हालांकि, बोनी कपूर की सोच अलग थी. वो फिल्म में एक नया चेहरा लेना चाहते थे. उन्होंने जेनेलिया डिसूजा समेत कई एक्ट्रेसेज के नाम पर विचार किया और आखिर में आयशा टाकिया को फाइनल किया. ये फैसला बाद में फिल्म के लिए काफी सफल साबित हुआ.