सलमान खान बॉलीवुड के वो चमकते सितारे हैं, जो दशकों से फैंस के दिलों पर राज कर रहे हैं. उनके चाहने वाले ‘दबंग खान’ की एक झलक पाने के लिए हमेशा बेताब रहते हैं. पैपराजी और मीडिया का कैमरा भले ही हर पल उन पर नजर रखता हो, लेकिन सलमान खुद अक्सर इस चकाचौंध और लाइमलाइट से दूर अपने पनवेल वाले फार्महाउस पर सुकून के पल बिताना पसंद करते हैं. अब सलमान के जीजा और एक्टर आयुष शर्मा ने उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़े कुछ दिलचस्प और मजेदार राज खोले हैं.
आयुष ने खोले सलमान खान से जुड़े राज
आयुष शर्मा ने बताया कि सलमान को अपने फार्महाउस पर वक्त बिताना सबसे ज्यादा पसंद है और वे अपना ज्यादातर समय वहीं गुजारते हैं. उन्होंने खान परिवार से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी शेयर किया. ‘लल्लनटॉप सिनेमा’ को दिए एक इंटरव्यू में आयुष ने कहा, ‘जब भाई हमें फार्महाउस पर बुलाते हैं… तो सबका एक ही पेट वर्ड हो जाता है, ‘चलो फार्महाउस चलते हैं.’ लेकिन सच तो ये है कि वहां सिर्फ वही जा पाता है जिसे भाई का स्पेशल इनविटेशन मिलता है.’
आयुष ने हंसते हुए आगे बताया कि असली ट्विस्ट तो न्योता स्वीकार करने के बाद आता है. उन्होंने खुलासा किया कि फार्महाउस जाने का वक्त भले ही मेहमान तय करे, लेकिन वहां से वापस कब लौटना है, ये फैसला सिर्फ और सिर्फ सलमान खान का होता है. आयुष के मुताबिक, ‘भाई फार्महाउस पर काफी वक्त बिताते हैं. जब वो आपको बुलाते हैं… तो आप अपनी मर्जी से जा तो सकते हैं, लेकिन वापस तभी आ सकते हैं जब ‘भाई’ चाहें.’
वैसे तो मुंबई के बांद्रा स्थित ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर हर वक्त सलमान खान के फैंस का जमावड़ा लगा रहता है और वहां सुरक्षा का पहरा भी काफी सख्त रहता है. शहर की भागदौड़, लगातार पैपराजी की नजरों और प्राइवेसी की कमी के बीच सुकून पाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. यही वजह है कि सलमान अक्सर गैलेक्सी अपार्टमेंट की पाबंदियों और शोर-शराबे से दूर पनवेल के खुले फार्महाउस का रुख करते हैं. जहां गैलेक्सी में उन्हें हर वक्त कैमरों के घेरे में रहना पड़ता है, वहीं फार्महाउस में उन्हें कुदरत के करीब रहकर खेती, घुड़सवारी और बेफिक्र जिंदगी जीने की पूरी आजादी मिलती है.
हालिया लुक को लेकर चर्चा में ‘दबंग खान’
हाल ही में सलमान खान अपने बदले हुए लुक और अपीयरेंस को लेकर काफी सुर्खियों में रहे. एक इवेंट से उनकी कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए, जिन्हें देखकर फैंस उनकी सेहत को लेकर फिक्रमंद हो गए. उनकी आंखों में थकान और चेहरे पर ढलती उम्र या अस्वस्थ होने के लक्षण देखकर सोशल मीडिया पर अटकलें लगने लगीं कि वे बीमार हैं. हालांकि, हर बार की तरह ‘दबंग खान’ ने अपने खास अंदाज़ में इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया और ट्रोल्स की बोलती बंद कर दी.