Salman Khan Shifting New Home: सलमान खान जल्द ही बांद्रा स्थित अपने आइकॉनिक गैलेक्सी अपार्टमेंट को अलविदा कह सकते हैं, जहाँ वे कई दशकों से रह रहे हैं और जो उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है. खबरों के मुताबिक, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वह अपने नए, भव्य और छह-मंज़िला सी-फेसिंग घर में शिफ्ट हो सकते हैं, जो अब चर्चा का केंद्र बना हुआ है. यह बदलाव ऐसे समय में सामने आया है जब उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं, खासकर बिश्नोई गैंग से जुड़ी कथित धमकियों और 2024 में उनके घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद. हालांकि, सलमान खान या उनकी टीम की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
समंदर किनारे बन रहा नया घर
सलमान खान का नया घर बांद्रा में बनने जा रहा है. ये नया छह मंजिला घर समुद्र के किनारे होगा. महाराष्ट्र कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी भी दे दी है. ये नया घर बांद्रा के चिम्बई इलाके में बनाया जा रहा है. बता दें कि, साल 1974 से सलमान गैलेक्सी अपार्टमेंट में ही रह रहे हैं.
अब गैलेक्सी में नहीं रहेंगे सलमान
बता दें कि, साल 2024 में गैलेक्सी के बाहर दो बाइक सवार लोगों ने फायरिंग की थी. जांच में पता लगा था कि दोनों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से था. इस घटना के बाद भाईजान को Y+ सुरक्षा प्रदान की गई थी. जिस बालकनी से सलमान अक्सर ईद और जन्मदिन जैसे मौके पर फैंस का अभिवादन करते थे, उसे भी बुलेटप्रूफ ग्लास से सुरक्षित किया गया. लेकिन अब जल्द सलमान इस घर को छोड़ कर चले जाने वाले हैं.
प्रोजेक्ट की जानकारी
इस नए घर में एक ग्राउंड फ़्लोर, स्टिल्ट पार्किंग और छह ऊपरी फ़्लोर होंगे, जिसका कुल बिल्ट-अप एरिया लगभग 1,014 स्क्वेयर मीटर होगा.सूत्रों ने बताया कि बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने अक्टूबर 2025 में ही प्रोजेक्ट के लिए इनिशियल ऑर्डर ऑफ़ डेवलपमेंट (IOD) जारी कर दिया था. सूत्रों ने आगे कहा कि कंस्ट्रक्शन के लिए किसी भी पेड़ को काटने की ज़रूरत नहीं होगी. बल्कि प्रॉपर्टी के अंदर और आसपास नए देसी पेड़ लगाए जाएंगे. हालांकि, सलमान खान और उनके प्रतिनिधियों ने प्रोजेक्ट या दूसरी जगह जाने की बताई गई योजनाओं के बारे में कोई ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया है.