Sudhir Dalvi Health Update: रामानंद सागर के ‘रामायण’ गुरु वशिष्ठ से लेकर ‘शिरडी के साईं बाबा’ तक… सुधीर दलवी ने अपने दमदार अभिनय से ऐसे किरदार निभाए, जिन्हें दर्शक आज भी नहीं भूल पाए हैं. लेकिन 86 साल की उम्र में यही दिग्गज अभिनेता अब जिंदगी की सबसे मुश्किल लड़ाई लड़ रहे हैं. गंभीर बीमारी के चलते करीब एक महीने अस्पताल में रहने के बाद वह घर लैट आए हैं, मगर उनकी रिकवरी अभी धीमी है. उन्हें चलने के लिए वॉकर का सहारा लेना पड़ रहा है और मानसिक स्थिति भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है.
7 अक्तूबर 2025 को अस्पताल में भर्ती हुए थे सुधीर दलवी
सुधीर दलवी को 7 अक्टूबर 2025 को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें सेप्सिस जैसी गंभीर और जानलेवा स्थिति का सामना करना पड़ा. इस संक्रमण का असर इतना गंभीर था कि उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें ICU में भी रखा गया. बीमारी ने उनके हाथ-पैरों की मूवमेंट को भी प्रभावित किया. करीब एक महीने तक चले इलाज के दौरान मेडिकल खर्च लगातार बढ़ता गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल का बिल पहले 10 लाख रुपये से ऊपर पहुंचा और बाद में बढ़कर 19 लाख रुपये से ज्यादा हो गया.
अक्षय, रणबीर और कार्तिक ने की मदद
जब परिवार के सामने इलाज का भारी खर्च उठाने की चुनौती आई, तो फिल्म इंडस्ट्री से मदद के हाथ बढ़े. सुधीर की पत्नी सुहास दलवी के मुताबिक, कार्तिक आर्यन, रणबीर कपूर और अक्षय कुमार मदद करने वालों में सबसे पहले शामिल थे. इनके अलावा इंडस्ट्री और बाहर के कई लोगों ने भी आर्थिक मदद की.
साईं बाबा ट्रस्ट और साईं भक्त बने सुधीर दलवी का सहारा
सुधीर दलवी की पहचान सिर्फ एक अभिनेता के तौर पर नहीं, बल्कि शिरडी के साईं बाबा के यादगार किरदार के लिए भी है. बीमारी की खबर सामने आने के बाद बड़ी संख्या में साईं भक्त भी परिवार की मदद के लिए आगे आए. दिसंबर 2025 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट को सुधीर दलवी के इलाज के लिए 11 लाख रुपये देने की अनुमति दी. इस मदद से परिवार को इलाज जारी रखने में सहारा मिला.
सुधीर दलवी की पत्नी ने क्या किया अपील?
लंबे इलाज के बाद एक्टर सुधीर दलवी अब घर लैट चुके हैं. पत्नी के मुताबिक, वह वॉकर के सहारे चलते हैं और अभी कुछ हद तक डिसओरिएंटेड हैं, लेकिन घर लौटने से खुश हैं. सुधीर दलवी की पत्नी ने साफ़ किया कि मेरे पति को जितनी मेडिकल मदद मिल सकती थी, मिल गई है. अब, उन्हें बस दुआओं की ज़रूरत है. उनकी रिकवरी धीमी है. मैं बुज़ुर्ग हूं और मुझे अस्थमा है, लेकिन मैं हम दोनों का ध्यान रखने की पूरी कोशिश कर रही हूं. उन्होंने फ़िल्म एसोसिएशन से भी अपील की कि वे हर महीने मदद के तौर पर भेजे जाने वाले पैसे का इस्तेमाल किसी ऐसे व्यक्ति की मदद के लिए करें जिसे इसकी ज़्यादा ज़रूरत है.