फिल्म ‘रामायण’ के मेकर्स ने इसके बहुप्रतीक्षित ट्रेलर की रिलीज को टाल दिया है. आपको बता दें कि इस फिल्म का ट्रेलर आज यानी 24 जुलाई को रिलीज होने वाला था. फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ फिल्म की ग्लोबल रिलीज़ की साझेदारी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. इसलिए ट्रेलर लॉन्च की तारीख आगे बढ़ा दी गई है.
नमित मल्होत्रा ने क्या पोस्ट किया?
फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, ‘आज हमारी रामायण के लिए बहुत खास पल है. सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ हमारी पार्टनरशिप से रामायण को दुनिया तक पहुंचाने का मेरा सपना अब सच हो गया है.’ ट्रेलर रिलीज के देरी का कारण बताते हुए, प्रोड्यूसर ने कहा कि ट्रेलर अब दुनिया भर में लॉन्च स्ट्रेटेजी के तहत बाद में दिखाया जाएगा.
निर्माता ने क्या लिखा?
उन्होंने लिखा, ‘भारतीय सिनेमा के 100 से ज्यादा सालों में, यह बहुत गर्व का पल होगा, जहां रामायण को किसी भी बड़ी ग्लोबल हॉलीवुड फिल्म की तरह पूरी दुनिया को दिखाया जाएगा. यह खास है क्योंकि यह दुनिया भर के लोगों के लिए हमारी संस्कृति और हमारी कहानियों की रिचनेस को नए गर्व और जोश के साथ जानने का दरवाजा खोलता है.’
फिल्म मेकर ने आगे लिखा, ‘मैं रामायण के सभी फैंस और मानने वालों को इसे मुमकिन बनाने में मदद करने के लिए धन्यवाद देता हूं. हमारे देश के युवा हमारा भविष्य हैं. आइए हम सब अपने भविष्य को बचाने के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश करें. जय हिंद.’
क्या सीजेपी प्रोटेस्ट है एक कारण?
फिल्म ‘रामायण’ के ट्रेलर टलने के पीछे की एक वजह देश भर में चल रहे सीजेपी प्रोटेस्ट को भी माना जा रहा है. इन दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर के अलावा देश के कोने-कोने में ये प्रदर्शन हो रहा है. लोगों का कहना है कि ये प्रोटेस्ट भी फिल्म के ट्रेलर टलने के पीछे की एक वजह हो सकती है. हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिल्म के बारे में
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. यह महाकाव्य पर आधारित फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है और इसे वैश्विक स्तर पर एक बड़े सिनेमाई इवेंट के रूप में पेश किया जा रहा है. इस फिल्म का पहला पार्ट इस साल 2026 में दीवाली के मौके पर रिलीज होगा.
यह खबर भी पढ़ें: 50-60 के दशक की वो अभिनेत्री, जिससे लोग आज हैं अनजान, मधुबाला जैसी एक्ट्रेस को दी थी टक्कर, जानिए कौन है वो