हाल ही में हैदराबाद के पास एक सड़क दुर्घटना में एक फौजी फिल्म के एक क्रू मेंबर की मौत हो गयी और पांच अन्य लोग घायल हो गए. इस दुर्घटना के बाद प्रभास अभिनीत फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग कथित तौर पर रोक दी गई है.
बता दें कि यह दुर्घटना तब हुई है जब फिल्म यूनिट के सदस्य रामोजी फिल्म सिटी जा रहे थे. जानकारी के अनुसार फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी ही होने वाली है.
क्या है पूरा मामला
टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार, “हैदराबाद के बाहरी इलाके अब्दुल्लापुरमेट के पास, चालक दल को ले जा रही गाड़ी अनियंत्रित होकर सीमेंट के डिवाइडर से टकरा गई. बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना चौटुप्पल पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले तूप्रानपेट पुल के पास हुई. इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक दल के पांच घायल सदस्यों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया. फिल्म निर्माताओं ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.”
शूटिंग भले ही रुक गई हो, लेकिन बताया जा रहा है कि फिल्म लगभग पूरी होने वाली है. 123Telugu के अनुसार, “मैत्री मूवी मेकर्स के सीईओ चेरी ने बताया कि लगभग 80 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है, केवल प्रभास के तीन एक्शन सीक्वेंस बाकी हैं” इस रुकावट के बावजूद, फिल्म अक्टूबर में रिलीज होने की राह पर है, जिससे अभिनेता एक ही साल में दो बार बड़े पर्दे पर नजर आ सकते हैं.”
फिल्म के कुछ सीन हुए लीक
फिल्म के कुछ सीन कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर लीक हो गए हैं. फिल्म की टीम ने शूटिंग की कई तस्वीरें ऑनलाइन सामने आने के बाद इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी और X पर एक चेतावनी जारी करते हुए उपयोगकर्ताओं से लीक हुई तस्वीरों को साझा न करने का अनुरोध किया है. फिल्म के आधिकारिक हैंडल ने पोस्ट किया, “हमें पता चला है कि कुछ अकाउंट #Fauzi के सेट से लीक हुई तस्वीरें फैला रहे हैं. कृपया इसे एक सख्त चेतावनी मानें – ऐसी किसी भी सामग्री की रिपोर्ट की जाएगी और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.” प्रभास और इमानवी अभिनीत फिल्म फौजी में मिथुन चक्रवर्ती और जया प्रदा भी अहम भूमिकाओं में हैं. हालांकि फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट अभी तय नहीं हुई है, लेकिन खबरों के मुताबिक निर्माता इस साल दशहरा के मौके पर फिल्म रिलीज करने की योजना बना रहे हैं.