Home > भोजपुरी > किडनी-लिवर की रिपोर्ट ने उड़ाए पवन सिंह के होश, गूगल खंगालकर खुद करने लगे इलाज!

किडनी-लिवर की रिपोर्ट ने उड़ाए पवन सिंह के होश, गूगल खंगालकर खुद करने लगे इलाज!

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने रियलिटी शो भोजपुरी बवाल में धमाल मचा रखा है. उन्होंने हाल ही में बताया कि उन्हें अपनी सेहत की चिंता है. वे ज्यादा सोचने के कारण गूगल पर ढूंढकर खुद ही डॉक्टर बन जाते हैं.

By: Deepika Pandey | Published: July 31, 2026 7:28:43 PM IST



Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह का अंदाज ही कुछ ऐसा है कि जहां वह पहुंचते हैं, वहां मनोरंजन अपने आप शुरू हो जाता है. गानों से लेकर फिल्मों तक उन्होंने दर्शकों को खूब एंटरटेन किया है. ‘लॉलीपॉप लागेलू’ जैसे गाने और ‘सत्या’ व ‘शेर सिंह’ जैसी फिल्मों ने उनकी पहचान को और मजबूत किया है लेकिन इस बार पवन सिंह किसी गाने या फिल्म की वजह से नहीं, बल्कि अपनी एक मजेदार आदत को लेकर चर्चा में हैं. 

हाल ही में ‘भोजपुरी बवाल’ के दौरान पवन सिंह ने अपनी जिंदगी से जुड़ी एक ऐसी बात शेयर की, जिसे सुनकर शायद कई लोग खुद को उनसे जोड़ पाएंगे. दरअसल, पवन सिंह ने माना कि उन्हें ओवरथिंकिंग की आदत है. खासकर जब मामला सेहत का हो, तो उनका दिमाग आराम करने के बजाय गूगल पर दौड़ने लगता है.

‘गूगल वाली जांच’

पवन सिंह ने बताया कि जब उन्होंने अपना मेडिकल टेस्ट कराया तो रिपोर्ट का इंतजार करना उनके लिए किसी परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार करने जैसा हो गया लेकिन उन्होंने चुपचाप रिपोर्ट आने का इंतजार करने के बजाय इंटरनेट का सहारा लेना शुरू कर दिया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में जो भी शब्द या कीवर्ड नजर आया. उसे वह ऑनलाइन सर्च करने लगे। यानी डॉक्टर से मिलने से पहले ही पवन सिंह ने गूगल बाबा से सलाह-मशविरा शुरू कर दिया. उन्होंने खुद स्वीकार किया कि वह जरूरत से थोड़ा ज्यादा सोचते हैं और इस आदत को चाहकर भी आसानी से रोक नहीं पाते. खासकर किडनी और लिवर जैसे मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट सामने हो तो उनका दिमाग सवालों की पूरी लिस्ट तैयार कर लेता है.

TLC का मतलब सुनकर पवन सिंह भी रह गए हैरान

बातचीत में असली मजा तब आया, जब पवन सिंह की टीम के एक सदस्य ने एलेक्सा से पूछा कि आखिर TLC का मतलब क्या होता है. अब मेडिकल बातचीत के बीच एलेक्सा ने ऐसा जवाब दिया कि वहां मौजूद लोगों का कन्फ्यूजन और बढ़ गया. एलेक्सा ने TLC का मतलब ‘Tender Loving Care’ यानी प्यार और देखभाल बताया. जवाब सुनकर पवन सिंह और उनकी टीम कुछ पल के लिए हैरान रह गई. मेडिकल रिपोर्ट की गंभीर चर्चा अचानक एक मजेदार मोड़ पर पहुंच गई.

पवन सिंह का ‘अनफिल्टर्ड’ अंदाज आया पसंद

‘भोजपुरी बवाल’ में पवन सिंह ने जिस बेबाक अंदाज में अपनी ओवरथिंकिंग की आदत के बारे में बात की, वह काफी दिलचस्प रहा. आमतौर पर लोग अपनी ऐसी आदतों को छिपाने की कोशिश करते हैं लेकिन पवन ने इसे खुलकर स्वीकार किया और बातचीत को मजेदार बना दिया. उनकी यह बातचीत 2 अगस्त से JioHotstar पर स्ट्रीम होने वाली है, जहां दर्शकों को पवन सिंह का एक अलग और ज्यादा निजी अंदाज देखने को मिलेगा. मेडिकल रिपोर्ट से लेकर गूगल सर्च और एलेक्सा के जवाब तक, इस बातचीत में पवन सिंह ने साबित कर दिया कि भोजपुरी के ‘पावर स्टार’ की जिंदगी में भी कभी-कभी गूगल डॉक्टर और एलेक्सा सलाहकार की भूमिका निभाने लगते हैं.

Advertisement