14
Pakistani Influencer Nabeeha Ali Khan: पाकिस्तानी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ‘नबीहा अली खान’ एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका कोई वीडियो या पोस्ट नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़े गंभीर आरोप हैं. नबीहा ने दावा किया है कि दूसरी शादी के कुछ ही दिनों बाद उन्हें घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ा और अब उनका रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया है.
नबीहा अली खान ने नवंबर 2025 में अपने दोस्त हारिस खोखर से दूसरी शादी की थी. इससे पहले उनके पहले पति का निधन हो चुका था और पहली शादी से उनका एक बेटा भी है. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि शादी के शुरुआती दिनों से ही रिश्ते में तनाव शुरू हो गया था.
तीसरी रात पति ने की मारपीट
नबीहा का आरोप है कि शादी की तीसरी रात पति के मोबाइल पर एक महिला का फोन आने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ. उनके मुताबिक, बहस इतनी बढ़ गई कि पति ने उनके साथ मारपीट की. उन्होंने दावा किया कि उन्हें बाल पकड़कर घसीटा गया, धक्का देकर बिस्तर से नीचे गिरा दिया गया और पूरी रात वह दर्द में रोती रहीं.
शरीर पर चोट के निशान होने का दावा
इंटरव्यू में नबीहा ने कहा कि मारपीट के कारण उनके शरीर पर कई चोटों के निशान पड़ गए थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं. उनके अनुसार, शादी के कुछ ही दिनों बाद उन्हें घर छोड़ने के लिए भी कहा जाने लगा.नबीहा ने दावा किया कि शादी के कुछ महीनों बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार भी उनके प्रति बदल गया. उनका कहना है कि उन्हें घर छोड़ने के लिए मानसिक रूप से परेशान किया गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति के अन्य महिलाओं से संबंध थे और परिवार को इसकी जानकारी थी.
पैसे और पहचान के लिए हुई शादी
इंटरव्यू के दौरान नबीहा ने कहा कि उन्हें अब लगता है कि उनके पति ने उनसे प्यार नहीं, बल्कि उनकी लोकप्रियता और आर्थिक स्थिति को देखते हुए शादी की थी. उन्होंने अपने पति पर भरोसा तोड़ने और रिश्ते का गलत फायदा उठाने का आरोप लगाया.