Home > मनोरंजन > फिल्मों से ही नहीं, प्रॉपर्टी के खेल में भी अव्वल हैं ‘धक-धक गर्ल’; 14 साल पुराने जुहू के फ्लैट से कमा लिया छप्परफाड़ रिटर्न, डील देखकर चौंके इन्वेस्टर्स!

फिल्मों से ही नहीं, प्रॉपर्टी के खेल में भी अव्वल हैं ‘धक-धक गर्ल’; 14 साल पुराने जुहू के फ्लैट से कमा लिया छप्परफाड़ रिटर्न, डील देखकर चौंके इन्वेस्टर्स!

माधुरी दीक्षित और श्रीराम नेने ने 14 साल बाद जुहू स्थित अपना अपार्टमेंट 4.40 करोड़ रुपये में बेचा है. इसे 2012 में 1.94 करोड़ रुपये में खरीदा गया था, और इस पर 127 प्रतिशत का रिटर्न मिला.

By: Kajal Jain | Published: August 8, 2026 10:33:35 AM IST



बॉलीवुड की ‘धक-धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित और उनके पति डॉ. श्रीराम नेने ने मुंबई के पॉश इलाके जुहू में एक बार फिर अपनी प्रॉपर्टी बेची है, जिसकी चर्चा इन दिनों हर तरफ हो रही है. बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे अपने आलीशान घरों और रियल एस्टेट निवेश के लिए जाने जाते हैं, और इस मामले में माधुरी दीक्षित का नाम भी काफी आगे है. हाल ही में इस पावर कपल ने मुंबई के जुहू इलाके में स्थित अपना एक और अपार्टमेंट 4.40 करोड़ रुपये में बेच दिया है. खास बात यह है कि इस फ्लैट को उन्होंने करीब 14 साल पहले यानी 2012 में महज 1.94 करोड़ रुपये में खरीदा था. इस तरह से इस डील पर उन्हें लगभग 127% का भारी-भरकम मुनाफा हुआ है. पिछले कुछ महीनों में माधुरी द्वारा प्रॉपर्टी बेचने का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि पिछले आठ महीनों में वह मुंबई में अपनी तीन अलग-अलग प्रॉपर्टी बेच चुकी हैं. आइए जानते हैं कि इस पूरी डील की क्या खास बातें हैं और कैसे इस जोड़ी ने रियल एस्टेट में बंपर कमाई की है.

क्या है पूरी डील की डिटेल?

CRE Matrix द्वारा एक्सेस किए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक, इस डील को 3 जुलाई 2026 को ऑफिशियली पर रजिस्टर किया गया था. इस अपार्टमेंट को खरीदने वाले शख्स का नाम सचिन शेखर शेट्टी है, जिन्होंने इस खरीदारी पर 26.40 लाख रुपये का स्टांप ड्यूटी और 30,000 रुपये रजिस्ट्रेशन चार्ज के रूप में चुकाए हैं. यह फ्लैट मुंबई के जाने-माने जुहू विले पार्ले डेवलपमेंट (JVPD) स्कीम के तहत मिलिट्री रोड पर स्थित ‘द दीप वर्षा को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड’ की ‘आइरिस पार्क’ बिल्डिंग की निचली मंजिल पर है. इस रेजिडेंशियल अपार्टमेंट का कुल कार्पेट एरिया 774 वर्ग फीट (sq ft) है. दस्तावेजों से यह भी पता चला है कि इस फ्लैट के साथ मिलने वाली स्टिल्ट कार पार्किंग को पहले ही पिछले साल 15 दिसंबर 2025 को एक अन्य होमबायर को अलग से बेच दिया गया था.

पिछले 8 महीनों में तीसरी प्रॉपर्टी बेची

यह सौदा इस बात का सबूत है कि बॉलीवुड सितारे अपनी पुरानी संपत्तियों को बेचकर शानदार मुनाफा कमा रहे हैं. पिछले आठ महीनों में माधुरी दीक्षित द्वारा मुंबई में बेची गई संपत्तियों का यह तीसरा मामला है. दिसंबर 2025 में, इस जोड़ी ने इसी जुहू वाली बिल्डिंग में एक और 780.13 वर्ग फीट का अपार्टमेंट 3.90 करोड़ रुपये में बेचा था, जिसे उन्होंने 13 साल पहले 1.95 करोड़ रुपये में खरीदा था. उसे बेचकर कपल ने लगभग 99% का मुनाफा कमाया था.

इससे पहले जून 2026 में भी माधुरी ने अंधेरी पश्चिम के ओशविरा इलाके में स्थित ‘मोरया लैंडमार्क II’ में एक कमर्शियल ऑफिस स्पेस 4.85 करोड़ रुपये में बेचा. 1,594.24 वर्ग फीट में फैला यह ऑफिस उन्होंने करीब 18 साल पहले सिर्फ 52.5 लाख रुपये में खरीदा था, जिस पर उन्हें लगभग 824% का ऐतिहासिक रिटर्न मिला.

जुहू क्यों बना हुआ है सेलिब्रिटीज की पहली पसंद?

मुंबई का जुहू इलाका हमेशा से बॉलीवुड सेलेब्रिटीज का सबसे पसंदीदा ठिकाना रहा है. अमिताभ बच्चन और वरुण धवन जैसे कई बड़े सितारे, फिल्म निर्माता और निर्देशक इसी इलाके में रहते हैं. जुहू की सेंट्रेल लोकेशन, अंधेरी, गोरेगांव, बांद्रा और खार के फिल्म स्टूडियो से इसकी नजदीकी, और प्रीमियम सी-फेसिंग अपार्टमेंट्स या बंगले इसे मुंबई का सबसे लग्जरी और महंगा रिहायशी मार्केट बनाते हैं। लोकल प्रॉपर्टी ब्रोकर्स के अनुसार, इस इलाके में रेजिडेंशियल अपार्टमेंट्स की मौजूदा कीमत 60,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये प्रति वर्ग फीट तक चल रही है, जो यहां की हाई डिमांड को साफ बयां करती है.

ये भी पढ़ें:-Ohh My Dog… जमके प्यार बरसा रही थी रवीना टंडन, फिर अचानक भड़क गया कुत्ता… फिर एक्ट्रेस ने जो किया, घबरा गए पैपराजी!

Advertisement