हाल ही में 78वें मेट गाला में फिल्म निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने अपना डेब्यू किया और इसी के साथ करण इवेंट में शामिल होने वाले पहले भारतीय फिल्ममेकर भी बन गए.
करण जौहर ने मेट गाला में डेब्यू के अवसर पर मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए हुए आउटफिट को पहना था, जिसमें राजा रवि वर्मा की शानदार विरासत को दर्शाया गया था.
शाहरुख खान को दिया क्रेडिट
इवेंट के दौरान बीबीसी से बातचीत में करण जौहर से शाहरुख खान के साथ उनके रिश्ते के बारे में पूछा गया. शाहरुख के साथ अपनी दोस्ती को याद करते हुए करण ने जवाब दिया कि किंग खान ने एक फिल्म निर्माता के रूप में उनके शुरुआती वर्षों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा, “मेरे लिए तो ये बहुत भावुक पल है. शाहरुख खान मेरे करियर का एक अहम हिस्सा हैं. मैंने अपनी शुरुआती पांच फिल्में उनके साथ की हैं और उन्हीं की वजह से मैं आज यहां खड़ा हूं. पिछले साल उनका आना और इस साल मेरा आना, ऐसा लगता है जैसे जिंदगी का ये फुल ऑफ सर्कल है, जो पूरा हो गया.” बता दें कि पिछले साल शाहरुख खान ने मेट गाला में डेब्यू किया था, जहां उनके लुक की चर्चा इंटरनेशनल फैशन इंडस्ट्री में भी हुई थी.
शाहरुख और करण की जोड़ी
करण जौहर और शाहरुख खान की जोड़ी को फिल्म इंडस्ट्री में पावर जोड़ी के रूप में देखा जाता है. दोनों ने साथ में मिलकर कई सुपरहिट फिल्में इंडस्ट्री को दी हैं. करण जौहर और शाहरुख खान की साथ में की गयी कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप नहीं है. इस हिट जोड़ी की पहली फिल्म करण जौहर की बतौर निर्देशक डेब्यू फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ थी, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर हिट साबित हुई थी. इसके बाद इन दोनों की जोड़ी ने ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘कभी अलविदा ना कहना’ और ‘माई नेम इज खान’ जैसी कई सुपरहिट और यादगार फिल्मों में साथ काम किया.
करण जौहर का मेट गाला लुक
करण जौहर ने मेट गाला 2026 में अपने डेब्यू के अवसर पर ‘फ्रेम्ड इन एटर्निटी’ नाम के आउटफिट में रेड कार्पेट पर अपने कदम रखे. इस ऑउटफिट को मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया गया था. ‘फैशन इज आर्ट’ की थीम पर आधारित इस आउटफिट ने राजा रवि वर्मा की रचनाओं को एक जीवंत, पहनने योग्य टेपेस्ट्री में बदल दिया.
इस लुक में एक पावर-शोल्डर वाली एक विंटेज जैकेट भी शामिल थी, जिसे लगभग छह फीट लंबी हाथ से पेंट की गई केप के ऊपर पहना गया था. इस जैकेट को 85 दिनों में 80 से अधिक कारीगरों ने तैयार किया था. एका लखानी द्वारा स्टाइल किए गए इस आउटफिट में राजा रवि वर्मा की प्रतिष्ठित कृतियों, जैसे कि लेडी विद द पीच, हम्सा दमयंती, कादंबरी, अर्जुन और सुभद्रा, और देयर कम्स पापा से प्रेरणा ली गई थी. करण के लुक की काफी चर्चा रही.