मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक फराह खान का कुकिंग व्लॉग इन दिनों खूब पॉपुलर हो रहा है। इस बार उनके किचन में मेहमान बनकर आईं टेनिस स्टार सानिया मिर्जा। इसी दौरान सानिया ने एक ऐसा राज खोला, जिससे सब हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि फराह उनके बेटे इजहान को फिल्म में लॉन्च करने वाली हैं.
मुंबई: मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक फराह खान का कुकिंग व्लॉग इन दिनों खूब पॉपुलर हो रहा है। अपने व्लॉग में फराह अक्सर सेलेब्रिटीज को बुलाकर उनके साथ न सिर्फ खाना पकाती हैं, बल्कि हल्की-फुल्की मजेदार बातचीत भी करती हैं। इस बार उनके किचन में मेहमान बनकर आईं टेनिस स्टार सानिया मिर्जा। खास बात यह रही कि सानिया के साथ उनकी बहन अनम और बेटा इजहान मिर्जा मलिक भी फराह के घर पहुंचे।
व्लॉग के दौरान फराह और सानिया ने न केवल लजीज डिश बनाई, बल्कि दोस्ती भरी हंसी-मजाक के बीच कई दिलचस्प बातें भी साझा कीं। इसी दौरान सानिया ने एक ऐसा राज खोला, जिससे सब हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि फराह उनके बेटे इजहान को फिल्म में लॉन्च करने वाली हैं और इसके लिए साइनिंग अमाउंट भी दे चुकी हैं। सानिया ने हंसते हुए कहा, “जब इजहान का जन्म हुआ था, तब फराह पहली बार मिलने आई थीं। तभी उन्होंने मेरे बेटे को फिल्म में लेने की बात कही और 10 रुपये का नोट देकर उसे साइनिंग अमाउंट भी दे दिया।”
यह सुनकर फराह ने बीच में टोकते हुए कहा, “अरे 100 रुपये तो बोल देती!” इस पर सानिया ने हंसते हुए जवाब दिया, “नहीं, मैं झूठ नहीं बोलूंगी। 10 रुपये ही थे।” इस व्लॉग में फराह ने अपने कुक दिलीप के साथ मिलकर ‘चिकन 65’ बनाया, जिसे उन्होंने सानिया से ही सीखा था। फराह ने बताया कि वह सानिया की दी गई इस रेसिपी को खास पसंद करती हैं। व्लॉग के दौरान सानिया, फराह और अनम की तिकड़ी ने खूब मस्ती की। इजहान की मासूमियत ने सभी का दिल जीत लिया। फैंस को यह एपिसोड काफी पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें: बुरी फंसी जादुई आंखों वाली मोनालिसा, प्रोड्यूसर एक नंबर का शराबी, चौंकाने वाले खुलासे