Home > मनोरंजन > बॉलीवुड > Box Office: ‘राजा शिवाजी’ के लिए शुभ नहीं रहा शनिवार, ‘एक दिन’ की भी गिरी कमाई; जानें अन्य फिल्मों का हाल

Box Office: ‘राजा शिवाजी’ के लिए शुभ नहीं रहा शनिवार, ‘एक दिन’ की भी गिरी कमाई; जानें अन्य फिल्मों का हाल

Box Office Collection: रितेश देशमुख अभिनीत फिल्म 'राजा शिवाजी' के लिए शनिवार का दिन अच्छा संकेत लेकर नहीं आया. फिल्म की कमाई में रिलीज के दूसरे दिन ही गिरावट देखने को मिली है. वहीं फिल्म 'एक दिन' पर भी संकट का बादल मंडराया. जानें सभी फिल्मों की कमाई.

By: Kamesh Dwivedi | Published: May 3, 2026 9:52:08 AM IST



इस हफ्ते शुक्रवार यानी 01 मई को रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई. इसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की, लेकिन रिलीज के दूसरे दिन ही फिल्म की कमाई गिरना अच्छा संकेत नहीं है. इसके अलावा साई पल्लवी और जुनैद खान की फिल्म एक दिन की कमाई में कमी देखी गई. साथ ही आपको बता दें कि पहले से थिएटर में दिखाई जा रही ‘भूत बंगला’ और ‘धुरंधर 2’ अच्छा कमाई कर रही है. चलिए जानते हैं शनिवार के दिन फिल्मों ने कितनी कमाई की. 

‘राजा शिवाजी’ ने शनिवार के दिन कितनी कमाई की?

रितेश देशमुख अभिनीत फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने ओपनिंग डे पर 11.35 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं इसने बीते दिन शनिवार यानी रिलीज के दूसरे दिन 10.55 करोड़ रुपये कमाए. यह दिखाता है फिल्म की कमाई में गिरावट आई है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आज रविवार का दिन फिल्म कैसा साबित होता है, जो आगे के दिनों की दिशा तय करेगा. इस फिल्म की कुल कमाई की बात करें, तो इसने अभी तक 21.90 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. 

इन कलाकारों से सजी है फिल्म

‘राजा शिवाजी’ फिल्म रितेश देशमुख द्वारा सह-लिखित और निर्देशित है. यह फिल्म मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है. फिल्म में रितेश देशमुख ने छत्रपति शिवाजी महाराज और जेनेलिया ने साईबाई की भूमिका निभाई है. फिल्म में रितेश-जेनेलिया के अलावा संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी और अमोले गुप्ते जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.

यह खबर भी पढ़ें: अनिल कपूर का छलका दर्द, राजेश खन्ना की फ्लॉप फिल्म ने बदल दी पापा की जिंदगी, कहा; ‘सब ने छोड़ दिया था साथ’

‘एक दिन’ की कमाई में भी आई गिरावट

फिल्म ‘एक दिन’ भी 01 मई को रिलीज हुई है. जुनैद खान और साई पल्लवी अभिनीत इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं इसने शनिवार यानी कि दूसरे दिन 1 करोड़ रुपये कमाए. फिल्म की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी अब दूसरे दिन ही गिरावट फिल्म के भविष्य के लिए बुरे संकेत हैं. 

‘भूत बंगला’ ने दिखाया दम?

अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म ‘भूत बंगला’ ने रिलीज के 16वें दिन बॉक्स ऑफिस पर 4.35 करोड़ रुपये कमाए. वहीं इसने शुक्रवार को 4.50 करोड़ रुपये कमाए थे. फिल्म ने अभी तक कुल 137 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. 

क्या रहा धुरंधर 2 का हाल?

फिल्म धुरंधर 2 ने 45वें दिन 2.77 करोड़ रुपये की कमाई की. वहीं इसने 44वें दिन 1.26 करोड़ रुपये कमाए थे. इस हिसाब से रणवीर सिंह की इस फिल्म ने अभी तक 1138.54 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. 

Advertisement