Web Series on Bihar Politics: बिहार की राजनीति को समझना हो तो सिर्फ चुनावी नतीजे देखना काफी नहीं है. यहां सत्ता के लिए होने वाली उठापटक, बदलते राजनीतिक समीकरण, नेताओं के बीच खींचतान और कुर्सी बचाने की जद्दोजहद अपने आप में किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगती. शायद यही वजह है कि जब बिहार की सियासत से प्रेरित एक कहानी OTT पर आई, तो दर्शकों ने उसे हाथोंहाथ लिया.
साल 2021 में एक ऐसी ही कहानी ने दस्तक दी, जिसमें बिहार की राजनीति को एक महिला के नजरिए से दिखाया गया. सत्ता के गलियारों में अचानक पहुंचने वाली एक साधारण महिला कैसे राजनीतिक चालों को समझती है, विरोधियों से मुकाबला करती है और अपनी जगह बनाने की कोशिश करती है, यही कहानी बनी ‘महारानी’ की.
खत्म नहीं हुआ राजनीतिक सफर
हुमा कुरैशी के किरदार रानी भारती की इस राजनीतिक यात्रा ने पिछले कुछ सालों में दर्शकों को खूब बांधे रखा है. चार सीजन और 36 एपिसोड के बाद भी कहानी का राजनीतिक सफर खत्म नहीं हुआ है. अब सीरीज के पांचवें सीजन की भी तैयारी शुरू हो चुकी है. ‘महारानी’ की सबसे खास बात यह है कि इसकी कहानी बिहार के राजनीतिक माहौल से गहराई से जुड़ी नजर आती है.
बिहार की राजनीति की झलक
सीरीज में किसी एक नेता या वास्तविक राजनीतिक घटना को सीधे तौर पर पेश करने के बजाय बिहार की राजनीति के उस दौर की झलक दिखाई गई है, जहां सत्ता के लिए हर कदम बेहद सोच-समझकर उठाना पड़ता है. जातीय समीकरण, सत्ता की लड़ाई, राजनीतिक गठजोड़, विरोधियों की चाल और कुर्सी बचाने की कोशिश कहानी में राजनीति के कई रंग देखने को मिलते हैं. रानी भारती इस पूरी कहानी का केंद्र हैं. शुरुआत में वह राजनीति की बारीकियों से लगभग अनजान दिखाई देती हैं लेकिन परिस्थितियां उन्हें सत्ता के सबसे मुश्किल रास्ते पर ले आती हैं.
एक घरेलू महिला से सत्ता के केंद्र तक
रानी भारती का सफर ही ‘महारानी’ को बाकी राजनीतिक कहानियों से अलग बनाता है. एक ऐसी महिला, जिसकी जिंदगी कभी घर और परिवार के इर्द-गिर्द घूमती थी. अचानक उसे राज्य की सत्ता संभालने की जिम्मेदारी मिल जाती है. शुरुआत में राजनीतिक गलियारों में मौजूद लोग उन्हें कमजोर समझते हैं और उन्हें अपने हिसाब से चलाने की कोशिश करते हैं. हालांकि धीरे-धीरे रानी समझ जाती हैं कि राजनीति में सिर्फ कुर्सी पर बैठना काफी नहीं है. सत्ता को बनाए रखने के लिए विरोधियों की चाल समझनी पड़ती है और सही समय पर सही फैसला भी लेना पड़ता है. अब इस सीरीज का पांचवां सीजन रिलीज होने वाला है, जो सोनी लिव पर दिखाया जाएगा.