सावन के पवित्र महीने में एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर भी भोलेबाबा के आशीर्वाद के लिए मंदिर गईं थीं, जिसके कुछ फोटोस और वीडियो भूमि ने इंस्टाग्राम पर शेयर किये, जिसके बाद उनकी जमकर ट्रोलिंग होने लगी.
इन फोटोज और वीडियो में भूमि भगवान शिव की पूजा करते और उनका जलाभिषेक करती नजर आ रही हैं, लेकिन उन्होंने पूजा के दौरान सनग्लासेस पहन रखें हैं, जिस पर यूजर कड़ी आपत्ति जता रहे हैं.
मंदिर के अंदर चश्मा पहनने पर ट्रोल हुईं भूमि
गुरुवार को भूमि ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की. इस वीडियो में वो ब्लैक कलर के टॉप, नीली जींस और ब्लैक सनग्लासेस पहने हुए, वह शिवलिंग पर जल अभिषेक करती नजर आ रही हैं. कैप्शन में उन्होंने लिखा, “सावन की शुरुआत के साथ, मैं आसान जीवन की नहीं, बल्कि गरिमा के साथ जीवन जीने की शक्ति की प्रार्थना करती हूं. हर हर महादेव.”
नेटिजन्स की प्रतिक्रिया
इस पोस्ट पर ऑनलाइन मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली. जहां कई लोगों ने सावन के दौरान मंदिर जाने के लिए भूमि की सराहना की, वहीं कुछ लोगों ने प्रार्थना करते समय धूप का चश्मा पहनने के उनके फैसले पर सवाल उठाए. एक यूजर ने कमेंट किया, “क्या आप प्रार्थना करने से पहले अपने चश्मे नहीं उतार सकती थीं?” दूसरे यूजर ने लिखा, “यह महादेव की पूजा से ज़्यादा फोटोशूट जैसा लग रहा है. कृपया ऐसी चीज़ें पोस्ट न करें.” एक और यूजर ने कहा, “मैंने पूजा करते समय किसी को चश्मा पहने हुए कभी नहीं देखा.”
काम के मोर्चे पर बात करें तो भूमि ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ में नजर आएंगी. इस फिल्म में वो बेलवाड़ी की योद्धा रानी बेलवाड़ी मल्लाम्मा के रूप में शामिल हो गई हैं. इस ऐतिहासिक ड्रामा में ऋषभ शेट्टी मुख्य भूमिका में हैं, उनके साथ अर्जुन रामपाल और विवेक ओबेरॉय भी हैं. फिल्म का निर्देशन संदीप सिंह ने किया है. फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है.