Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन को लेकर अब घायल पुलिसकर्मियों के परिवार भी सामने आए हैं. शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई और कहा कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों की तकलीफ पर ध्यान नहीं दिया गया. परिवारों का कहना था कि जहां छात्रों के खिलाफ पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. वहीं घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति और उनके परिवारों की परेशानी को नजरअंदाज किया जा रहा है.
परिवारों के मुताबिक, हाल ही में दिल्ली में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी. इनमें जंतर-मंतर के अलावा पार्लियामेंट स्ट्रीट और कनॉट प्लेस जैसे इलाके भी शामिल थे. इन घटनाओं में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें कुछ का इलाज अभी भी चल रहा है.
‘पिता को घसीटकर बुरी तरह पीटा’
प्रदर्शन के दौरान घायल हुए दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर की बेटी ने अपने पिता के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भीड़ ने उन्हें घसीटकर बुरी तरह पीटा. उनके मुताबिक, 25 जुलाई को जंतर-मंतर पर स्टेज के पास उनके पिता पर हमला हुआ और वह बेहोश हो गए थे. उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे उनके पिता को RML अस्पताल ले जाया गया, जहां वह करीब चार घंटे तक बेहोश रहे. उनकी वर्दी खून से पूरी तरह भीग गई थी और सिर पर चार टांके लगाए गए.
#WATCH | Delhi | Daughter of a Delhi Police SI (Sub-Inspector) who sustained injuries during the clash between Police and protesters in Delhi, says, “…Before joining the police, my father served as a Marine Commando in the Indian Navy. He dedicated 15 years of his life to the… pic.twitter.com/aevnbcdNyQ
— ANI (@ANI) July 31, 2026
घायल हालत में घर लौटे पति
बेटी ने बताया कि पुलिस में आने से पहले उनके पिता करीब 15 साल तक भारतीय नौसेना में मरीन कमांडो के तौर पर काम कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि पिता को उस हालत में देखना पूरे परिवार के लिए बेहद डरावना और दर्दनाक था. 20 जुलाई को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में घायल हुए एक असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस की पत्नी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि जब उनके पति देर रात घायल हालत में घर लौटे, तो उन्हें उस स्थिति में देखना उनके और उनकी दो साल की बेटी के लिए बेहद दर्दनाक था.
#WATCH | Delhi | Wife of a Delhi Police ACP, who sustained injuries during the clash between Police and CJP protesters in Delhi on 20th July says, “The moment he returned home late on the night of July 20, injured as he was, was incredibly painful and traumatic for both me and my… pic.twitter.com/lI40EMWnRI
— ANI (@ANI) July 31, 2026
दोषियों पर हो कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के कई अन्य कर्मचारियों के परिवार भी इस समय इसी तरह की परेशानियों से गुजर रहे हैं और उनकी बात भी सुनी जानी चाहिए. एक अन्य घायल पुलिसकर्मी के रिश्तेदार ने हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को नुकसान पहुंचाने या हिंसा फैलाने वालों को उनके किए की सजा मिलनी चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन छात्रों का रिकॉर्ड जांच में साफ पाया जाए, उन्हें रिहा किया जाना चाहिए.