‘किल’ और ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग का लोहा मनवा चुके राघव जुयाल अब एक बिल्कुल नए रंग में नजर आने वाले हैं. राघव की आने वाली फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ का मजेदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जो दर्शकों को अजय सिंह की एक बेहद मजेदार और अनोखी दुनिया में ले जाता है. सीरियस और इंटेंस रोल करने के बाद राघव इस बार फुल-ऑन कॉमेडी और एंटरटेनमेंट के साथ दर्शकों को लोटपोट करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
यह ट्रेलर एक ऐसे सफर की झलक दिखाता है जहाँ बड़े-बड़े सपने, गजब का कन्फ्यूजन और नॉन-स्टॉप कॉमेडी मिलकर हंसी का तगड़ा डोज देते हैं. शानदार परफॉर्मेंस, गुदगुदाने वाले किरदार और भरपूर ड्रामे से सजी यह फिल्म एक परफेक्ट फैमिली एंटरटेनर लग रही है.
‘खुद की बकवास पर यकीन करना ही एक्टर का हुनर है…’
ट्रेलर की शुरुआत एक बेहद दिलचस्प और मजेदार डायलॉग से होती है, ‘एक एक्टर का सबसे बड़ा हुनर यह है कि वह अपनी ही बकवास पर पूरी तरह यकीन कर ले.’ इसी एक लाइन के साथ फिल्म पहले ही फ्रेम से अपना मिजाज साफ कर देती है कि दर्शकों को इसमें भरपूर ड्रामा, लाउड कॉमेडी और मजेदार सीन देखने को मिलने वाले हैं.
‘राघब भाई ने स्क्रीन पर आग लगा दी’
सोशल मीडिया पर लोग इस ट्रेलर को काफी पसंद कर रहे हैं और राघव जुयाल की जमकर तारीफ हो रही है. एक यूजर ने लिखा, ‘राघव भाई ने स्क्रीन पर आग लगा दी है.’ वहीं एक अन्य फैन ने कमेंट किया कि राघव में फ्यूचर का मेगास्टार दिखने लगा है, लेकिन मजाकिया लहजे में यह भी जोड़ दिया कि “अगर इन्होंने ऐसी 3-4 फिल्में और कर दीं, तो इन्हें फ्लॉप स्टार बनने से भी कोई नहीं रोक सकता.’
एक और यूजर ने कमेंट किया, ‘भाई सच में स्टार है.’ हालांकि, कुछ लोगों का यह भी मानना है कि फिल्म अच्छी है, लेकिन इसे सिनेमाघरों के बजाय सीधे ओटीटी (OTT) पर आना चाहिए, क्योंकि आने वाले दिनों में स्पाइडर-मैन जैसी बड़ी हॉलीवुड फिल्में रिलीज होने वाली हैं, जिसकी वजह से इस फिल्म को थिएटर्स में ज्यादा स्क्रीन नहीं मिल पाएंगी.
कॉमेडी, ड्रामा और हंसी का जबरदस्त कॉकटेल
‘भाई तेरा स्टार है’ एक ऐसी पारिवारिक फिल्म है जो आपको शुरू से अंत तक हंसने पर मजबूर कर देगी. फिल्म में राघव जुयाल अपनी कमाल की स्क्रीन प्रेजेंस और परफेक्ट कॉमिक टाइमिंग के साथ छाए हुए हैं. उनका साथ निभाने के लिए फिल्म में संजय कपूर, निहारिका एनएम, बरखा सिंह और चंदन रॉय सान्याल जैसे कलाकारों की पलटन है, जो अपनी बेहतरीन अदाकारी से कॉमेडी के इस डोज को दोगुना कर देते हैं.
कब रिलीज होगी ‘भाई तेरा स्टार है’?
विवेक बी. अग्रवाल के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी खुद विवेक और सुदीप्तो सरकार ने मिलकर लिखी है. फिल्म को अवंतिका हरि, सुनील रूपानी और विवेक बी. अग्रवाल ने प्रोड्यूस किया है. ‘भाई तेरा स्टार है’ 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.