हाल ही में रियल एस्टेट मालिक अभिनंदन लोढ़ा ने खुलासा किया कि 2023 में जब वो ऑस्ट्रेलिया में थे, तब उनके पास बिग बी का कॉल आया था. अमिताभ बच्चन ने उनसे अयोध्या में जमीन खरीदने के लिए जमीन का रेट पूछा था.
बता दें कि अमिताभ बच्चन ने जनवरी 2024 में राम मंदिर के उद्घाटन से पहले सरयू परियोजना में 10,000 वर्ग फुट का अपना पहला प्लॉट खरीदा था. तब से, वे मंदिर नगरी अयोध्या में अपनी संपत्ति का विस्तार करने में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं.
जब अमिताभ बच्चन की आई कॉल
अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में 15 करोड़ रुपये में जमीन खरीदने के लिए अभिनंदन लोढ़ा, जो ‘द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ के संस्थापक और मुख्य प्रबंधक हैं, से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया था. हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स इंडिया नेक्स्ट रियल एस्टेट समिट 2026 में अभिनंदन लोढ़ा ने वरिष्ठ सुपरस्टार के साथ हुई अपनी बातचीत साझा की.
लोढ़ा ने बातचीत के दौरान बताया कि वह 2023 में ऑस्ट्रेलिया में थे जब उन्हें वहां लगभग 3 बजे एक कॉल आया था. उस बातचीत को याद करते हुए अभिनंदन लोढ़ा ने कहा, “कुछ मिस्ड कॉल आए, उसके बाद एक मैसेज आया जिसमें लिखा था, ‘यह अमिताभ बच्चन बोल रहे हैं, जब भी आपको सुविधा हो, कॉल बैक करें.’ मैं तुरंत उठा और उन्हें वापस कॉल किया.” लोढ़ा ने बताया, “उन्होंने मुझसे कहा, ‘अभिनंदन जी, मैं यूपी से हूं और मुझे अयोध्या में जमीन लेनी है.’ मैंने उनसे कहा, ‘हम आपके लिए जमीन खरीद लेंगे.'” लोढ़ा ने बताया कि अमिताभ बच्चन ने सबसे पहले उनसे जमीन की कीमत पूछी. बिग बी ने कहा कि वह 15,000 वर्ग फुट जमीन खरीदना चाहते हैं, और मैंने उन्हें बताया कि इसकी कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये हो सकती है. अगले ही दिन उन्होंने मुझे 15 करोड़ रुपये भेज दिए.
अमिताभ बच्चन की अयोध्या में संपत्ति
रियल एस्टेट कंपनी हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) ने इस साल मार्च में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 2.67 एकड़ जमीन अमिताभ बच्चन को 35 करोड़ रुपये में बेची. एक बयान में, HoABL ने कहा कि यह सौदा AB Corp Ltd. के प्रबंध निदेशक राजेश यादव द्वारा संपन्न किया गया. यह जमीन HoABL की 75 एकड़ में फैली लग्जरी परियोजना ‘द सरयू’ के पास स्थित है. जनवरी 2024 में बच्चन ने HoABL की ‘द सरयू’ परियोजना में भूखंड खरीदे थे. बता दें कि अयोध्या में HoABL के माध्यम से बच्चन का यह तीसरा और कुल मिलाकर चौथा निवेश है.