Ameesha Patel News: बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल और मुरादाबाद के इवेंट ऑर्गेनाइजर पवन कुमार के बीच लंबे समय से चल रहा कानूनी विवाद अब समाप्त हो गया है. TV9 के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद शिकायतकर्ता ने एक्ट्रेस के खिलाफ दायर सभी मुकदमे वापस लेने का फैसला किया है. ये विवाद एक शादी समारोह में परफॉर्मेंस के लिए एडवांस भुगतान लेने के बावजूद कार्यक्रम में शामिल न होने के आरोपों से जुड़ा था.
मामले के सामने आने के बाद पवन कुमार ने अदालत का रुख किया था. सुनवाई के दौरान अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी हुए थे. बाद में एक्ट्रेस ने मुरादाबाद पहुंचकर अग्रिम जमानत हासिल की. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, लेकिन समझौते के तहत दिया गया चेक बाउंस होने से विवाद एक बार फिर अदालत तक पहुंच गया. आखिरकार दिल्ली के कुछ साझा परिचितों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्ष अंतिम समझौते पर सहमत हो गए.
अमीषा पटेल ने चुकाई पूरी बकाया राशि
समझौते के तहत अमीषा पटेल ने पवन कुमार की पूरी बकाया रकम लौटा दी है. भुगतान मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने अदालत में मुकदमे वापस लेने के लिए आवेदन दाखिल कर दिया है. फिलहाल एक्ट्रेस न्यूयॉर्क में हैं और भारत लौटने के बाद इस पूरे मामले पर अपनी ओर से आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी करेंगी.
पवन कुमार बोले- इस विवाद ने करियर और प्रतिष्ठा पर डाला असर
शिकायतकर्ता पवन कुमार ने कहा कि ये पूरा विवाद उनके लिए मानसिक और पेशेवर दोनों लेवल पर बहुत चैलेंजिंग रहा. उनके अनुसार, किसी भी कारोबारी की साख बनाने में सालों लग जाते हैं, लेकिन एक विवाद कुछ ही पलों में उसकी छवि को नुकसान पहुंचा सकता है. उन्होंने बताया कि इस मामले के कारण उनके व्यवसाय, प्रतिष्ठा और करियर पर गंभीर असर पड़ा और कई लोगों ने उन पर भरोसा करना भी छोड़ दिया. हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी सच्चाई पर पूरा विश्वास था, इसलिए उनके पुराने ग्राहकों और उनके अधिवक्ता ने पूरे मामले में उनका लगातार साथ दिया.