Home > मनोरंजन > Alpha Trailer Review: आलिया के एक्शन अवतार ने खींचा ध्यान, शरवरी-बॉबी का भी दिखा दम; ऋतिक की झलक से उत्साहित हुए फैंस

Alpha Trailer Review: आलिया के एक्शन अवतार ने खींचा ध्यान, शरवरी-बॉबी का भी दिखा दम; ऋतिक की झलक से उत्साहित हुए फैंस

Alpha Trailer: आलिया भट्ट की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'अल्फा' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म के ट्रेलर में आलिया और शरवरी को एक्शन अवतार में देखा जा रहा है. वहीं ऋतिक रोशन की एक झलक ने फैंस को उत्साहित कर दिया है.

By: Kamesh Dwivedi | Last Updated: June 17, 2026 2:25:24 PM IST



आलिया भट्ट और शरवरी अभिनीत स्पाई यूनिवर्स की फिल्म ‘अल्फा’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है. एक्शन से भरपूर फिल्म के ट्रेलर की कहानी में दिखता है कि कैसे आलिया भट्ट को बॉबी देओल एक खतरनका योद्धा बना रहे हैं. शरवरी ने भी अपना दम दिखाया. ट्रेलर के क्लाइमैक्स सीन ने सबका ध्यान खींच लिया. 

क्या है फिल्म का ट्रेलर?

ट्रेलर की शुरुआत एक कांच के घेरे में बैठी एक बच्ची से होती है,  जो आलिया भट्ट है. उसका नाम फतेह (बॉबी देओल) ‘सीता’ रखता है. इसके बाद उसे एक खतरनाक और बेहद प्रशिक्षित हत्यारे के रूप में तैयार होते दिखाया जाता है. वॉइसओवर में आलिया बताती हैं कि फतेह एक ऐसा “राक्षस” है जिसने एक राजकुमारी का अपहरण कर लिया था. हालांकि, रामायण की सीता की तरह मदद का इंतजार करने के बजाय यह सीता खुद अपने दुश्मन का अंत करने निकल पड़ती है.

ट्रेलर में आलिया भट्ट दमदार एक्शन करती नजर आती हैं. जल्द ही शार्वरी भी इस मिशन का हिस्सा बन जाती हैं, जबकि अनिल कपूर दोनों एजेंटों का मार्गदर्शन करते दिखाई देते हैं. वहीं, फतेह एक पूर्व जासूस के रूप में नजर आता है, जो देश से बदला लेना चाहता है. वह कहता है, ‘भारत ने अल्फा की कदर नहीं की, अब भारत अल्फा से डरेगा.’ लेकिन उसके सामने उसकी ही बनाई सबसे बड़ी ताकत, सीता, खड़ी हो जाती है.

ऋतिक रोशन की झलक ने फैंस को किया उत्साहित

ट्रेलर के अंत में ऋतिक रोशन की आंखें दिखती हैं. अभिनेता की एंट्री ने फिल्म को और रोचक बना दिया है. 

फिल्म के बारे में 

शिव रावेल द्वारा निर्देशित और आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित फिल्म ‘अल्फा’ में आलिया भट्ट, शरवरी, अनिल कपूर और बॉबी देओल मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म की स्क्रिप्ट सौमिल शुक्ला और श्रीधर राघवन ने लिखी है, जबकि कहानी उदय चोपड़ा ने तैयार की है. ‘अल्फा’, वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की नवीनतम कड़ी है, जिसमें एक था टाइगर (2012), टाइगर जिंदा है (2017), वॉर (2019), पठान (2023), टाइगर 3 (2023) और वॉर 2 (2025) शामिल हैं. फिल्म ‘अल्फा’ 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

Advertisement