Alpha Box Office Collection Day 3: आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर फिल्म ऐल्फा को रिलीज से पहले लेकर काफी हाई बज देखने को मिला था. ट्रेड एक्सपर्ट्स और फैंस को उम्मीद थी कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करेगी. सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर काफी चर्चा रही और कई जगह इसकी तुलना बड़ी फिल्मों से की जाने लगी. हालांकि, रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही, जहां कुछ लोगों ने फिल्म की सराहना की, वहीं कुछ हिस्सों में इसे आलोचना भी झेलनी पड़ी.
तीसरे दिन की कमाई में आया उछाल (Alpha Box Office Collection Day 3)
इसके बावजूद फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐल्फा ने पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. दूसरे दिन ये आंकड़ा बढ़कर 11.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. वहीं तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म ने 13.25 करोड़ रुपये की कमाई कर ली. तीन दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 34 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन लगभग 40.80 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
ओवरसीज मार्केट में भी अच्छा प्रदर्शन
विदेशी बाजारों में भी फिल्म ने ठीक-ठाक पकड़ बनाई है. पहले वीकेंड में ऐल्फा ने लगभग 18 करोड़ रुपये की कमाई ओवरसीज में की है. औसतन देखा जाए तो फिल्म हर दिन विदेशों से करीब 6 करोड़ रुपये जुटा रही है. इसी के साथ इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 3 दिनों में लगभग 58.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
फिल्म का अनुमानित बजट 120 से 130 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है. तीन दिनों की कमाई को देखते हुए ऐल्फा ने लगभग आधा बजट रिकवर कर लिया है. अब असली परीक्षा वीकडेज में होने वाली कमाई की है. अगर फिल्म सोमवार से गुरुवार तक स्थिर प्रदर्शन बनाए रखती है, तो ये जल्दी ही अपना पूरा बजट निकाल सकती है.
आलिया-शरवरी की एक्शन जोड़ी बनी चर्चा का विषय
फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ ने दमदार एक्शन सीक्वेंस के जरिए दर्शकों का ध्यान खींचा है. बीते कुछ सालों में बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियां एक्शन रोल में नजर आई हैं, और ऐल्फा भी उसी ट्रेंड को आगे बढ़ाती दिख रही है. इनके साथ फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं, जिससे कहानी को और मजबूती मिलती है.