Alpha Box Office Collection Day 2: बॉलीवुड की मचअवेटेड एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी है. आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की दमदार जोड़ी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है. फिल्म को समीक्षकों और लोगों से मिले-जुले रिव्यू जरूर मिले हैं, लेकिन कमाई के आंकड़े बताते हैं कि इसकी शुरुआत उम्मीद से बेहतर रही है. दूसरे दिन भी फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिला, जिससे मेकर्स की उम्मीदें और बढ़ गई हैं.
दूसरे दिन बढ़ी कमाई (Alpha Box Office Collection Day 2)
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘अल्फा’ (Alpha Box Office Collection Day 2) ने रिलीज के पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. वहीं दूसरे दिन फिल्म ने रफ्तार पकड़ते हुए 11.25 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की. इसके साथ ही दो दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 20.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं ग्रॉस कलेक्शन लगभग 24.60 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
विदेशों में भी दिखा दमदार प्रदर्शन
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी ‘अल्फा’ को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. पहले दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से करीब 6 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि दूसरे दिन ये आंकड़ा बढ़कर 7 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इस तरह दो दिनों में फिल्म की विदेशी कमाई 13 करोड़ रुपये हो गई है. भारत और विदेश की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 37.60 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है.
100 करोड़ से ज्यादा है फिल्म का बजट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘अल्फा’ का निर्माण लगभग 100 से 130 करोड़ रुपये के बजट में किया गया है. फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ का हाई-ऑक्टेन एक्शन दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. इसके अलावा बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. फिल्म का निर्देशन शिव रावैल ने किया है, जबकि इसका निर्माण यश राज फिल्म्स के बैनर तले आदित्य चोपड़ा ने किया है.
वीकेंड पर बढ़ सकती है कमाई
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रविवार को छुट्टी का फायदा ‘अल्फा’ को मिल सकता है. यदि फिल्म तीसरे दिन भी इसी रफ्तार से कमाई करती है, तो पहले वीकेंड के अंत तक ये अपने बजट का बड़ा हिस्सा रिकवर करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा सकती है. अब सभी की नजरें रविवार के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर टिकी हैं, जो फिल्म की आगे की यात्रा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा.