Akshay Kumar: बॉलीवुड में अक्षय कुमार को सिर्फ उनकी दमदार फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी शानदार लाइफस्टाइल और समय की पाबंदी के लिए भी जाना जाता है. इंडस्ट्री में उनकी प्रोफेशनलिज्म की मिसाल दी जाती है. हालांकि, उनके करियर से जुड़ा एक ऐसा दिलचस्प किस्सा भी है, जिसे सुनकर शायद आप हैरान रह जाएं. एक दौर ऐसा था जब अक्षय रोजाना फिल्म की शूटिंग पर हेलीकॉप्टर से आया-जाया करते थे.
हाल ही में फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन के दौरान निर्देशक प्रियदर्शन, एक्टर अक्षय कुमार, राजपाल यादव और फिल्ममेकर फराह खान एक साथ नजर आए. बातचीत के दौरान फराह खान ने साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीस मार खान’ की शूटिंग का एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया, जिसमें अक्षय कुमार की लग्जरी ट्रैवलिंग चर्चा का विषय बन गई.
मालशेज घाट में होती थी शूटिंग
फराह खान ने बताया कि फिल्म की शूटिंग महाराष्ट्र के खूबसूरत मालशेज घाट में चल रही थी, जो मुंबई से करीब ढाई घंटे की दूरी पर स्थित है. लंबी दूरी के कारण पूरी यूनिट और कलाकार शूटिंग लोकेशन के पास ही ठहरते थे, ताकि सुबह समय पर सेट पर पहुंच सकें.
हालांकि, अक्षय कुमार का तरीका सबसे अलग था. फराह के मुताबिक, जहां बाकी सभी लोग वहीं रुकते थे, वहीं अक्षय हर शाम शूटिंग खत्म होने के बाद मुंबई स्थित अपने घर लौट जाते थे और अगले दिन सुबह ठीक समय पर सेट पर पहुंच जाते थे.
राजपाल यादव भी रह गए थे हैरान
जब फराह ने ये बात सुनाई तो राजपाल यादव हैरान रह गए. उन्होंने समझने की कोशिश की कि आखिर अक्षय ऐसा कैसे कर लेते थे. इसके बाद अक्षय ने खुद इस रहस्य से पर्दा उठाते हुए बताया कि वो रोज हेलीकॉप्टर से शूटिंग लोकेशन तक आते-जाते थे. उनका ये जवाब सुनकर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगे.
फराह खान ने किया मजाक
अक्षय की बात पर मजाक करते हुए फराह खान ने कहा कि उन्होंने पहली बार किसी एक्टर को हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल टैक्सी की तरह करते देखा था. उन्होंने साथ ही ये भी माना कि चाहे सफर का तरीका कितना भी खास क्यों न हो, अक्षय हमेशा समय पर पहुंचते थे.
पैसों को लेकर हुई मजेदार नोकझोंक
फराह की बात सुनकर अक्षय ने तुरंत कहा कि इससे किसी को क्या परेशानी हो सकती थी, क्योंकि वो खुद भी फिल्म के निर्माता थे. इस पर फराह ने हंसते हुए जवाब दिया कि वो भी फिल्म की निर्माता थीं और अक्षय ने उनके काफी पैसे खर्च करवा दिए थे.
अक्षय ने भी मजाकिया अंदाज में पलटवार करते हुए कहा कि फिल्म से सबसे ज्यादा फायदा तो फराह को ही हुआ था. दोनों के बीच हुई ये हल्की-फुल्की नोकझोंक देखकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े.