Home > मनोरंजन > ‘चोली के पीछे’ से आया था इस गाने का idea, जब रिलीज हुआ तो लोग भूल गए माधुरी का डांस, आज भी है शादी-पार्टी की शान

‘चोली के पीछे’ से आया था इस गाने का idea, जब रिलीज हुआ तो लोग भूल गए माधुरी का डांस, आज भी है शादी-पार्टी की शान

Mujhko Rana Ji Maaf Krana: करन-अर्जुन फिल्म की दो ही चीजें सबसे ज्यादा हिट हुई थीं, एक तो आइकोनिक डायलॉग है, "मेरे करन-अर्जुन आएंगे" और दूसरा है इस फिल्म का गाना 'मुझको राणा जी माफ़ करना!" आइये जानते हैं कि इस गाने का आइडिया कैसे आया था.

By: Shivangi Shukla | Published: May 7, 2026 2:03:22 PM IST



Mujhko Rana Ji Maaf Krana: करन-अर्जुन फिल्म की दो ही चीजें सबसे ज्यादा हिट हुई थीं, एक तो आइकोनिक डायलॉग है, “मेरे करन-अर्जुन आएंगे” और दूसरा है इस फिल्म का गाना ‘मुझको राणा जी माफ़ करना!” 

फिल्म का यह गाना इतना लोकप्रिय हुआ था कि इसने ममता कुलकर्णी को रातोंरात स्टार बना दिया था. इस गाने का आईडिया उस दौर के सुपरहिट गाने ‘चोली के पीछे’ से आया था.

राजेश रोशन ने किया खुलासा 

संगीत निर्देशक राजेश रोशन ने बताया कि ‘राणा जी माफ करना’ का विचार उन्हें सुपरहिट फिल्म ‘खलनायक’ के गाने “चोली के पीछे क्या है” को देखकर आया था. उस दौर में ‘चोली के पीछे’ का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा था. राजेश रोशन भी करन-अर्जुन के लिए इसी तरह का संगीत रचना चाहते थे, लेकिन वो इस संगीत को अश्लील और डबल-मीनिंग की बजाय लोक-गीत जैसा बनाना चाहते थे, जिसमें राजस्थानी मिट्टी की खुशबू हो, लेकिन उसका अंदाज ‘चोली के पीछे’ जैसा उत्तेजक न होकर ‘चुलबुला’ और ‘मासूम’ हो. 

इंदीवर ने इस गाने के बोल लिखे थे. इस गाने को दो गायिकाओं ने अपनी आवाज दी थी. इसमें एक तरफ अल्का याग्निक की शहद जैसी मीठी आवाज थी, जो ममता कुलकर्णी की मासूमियत को दर्शा रही थी, वहीं दूसरी तरफ इला अरुण की भारी और ‘रॉ’ आवाज थी, जो गाने को असली राजस्थानी टच दे रही थी. 

ममता कुलकर्णी रातोंरात बन गयी थीं स्टार 

इस गाने में ममता कुलकर्णी का डांस लोगों ने खूब पसंद किया था. यह गाना इतना लोकप्रिय हुआ था कि रातोंरात ममता कुलकर्णी स्टार बन गयी थीं, उनके डांस मूव्स और एक्सप्रेशन गाने के हिसाब से कमाल के थे. उनकी शोख और चुलबुली अदाओं से वो उस दौर में लाखों लोगों की क्रश बन चुकी थीं.

करण अर्जुन 1995 में बनी एक भारतीय हिंदी भाषा की एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन और निर्माण राकेश रोशन ने किया है. इसमें सलमान खान , शाहरुख खान , राखी गुलजार , ममता कुलकर्णी और काजोल ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई हैं. यह 90s की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी.

Advertisement