यमुना संसद की तरफ से आयोजित हुए कार्यक्रम में यमुना नदी को अविरल और निर्मल करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान यमुना भक्तों ने फूलों की होली खेली और ब्रज के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
नई दिल्ली। महाशिवरात्रि के अवसर पर सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब, सोनिया विहार में यमुना नदी के तट पर ‘हमारा राग, हमारा अनुराग, यमुना मैया के साथ खेलें फाग’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यमुना संसद की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में यमुना नदी को अविरल और निर्मल करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान यमुना भक्तों ने फूलों की होली खेली और ब्रज के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस कार्यक्रम में यमुना नदी को अविरल और निर्मल करने के लिए पूजन किया गया। इसके साथ ही यमुना आरती की गई और मां यमुना जी को चुनरी चढ़ाई गई। इस मौके पर नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज, बीजेपी विधायक राज कुमार भाटिया, मोहन सिंह बिष्ट, अनिल गोयल, पूनम शर्मा समेत बड़ी संख्या में राजनेत और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यमुना भिक्षु रविशंकर तिवारी ने कहा कि हमारा मकसद यमुना के शुद्धिकरण में समाज की सहभागिता सुनिश्चित करनी है। समाज और सरकार के साथ-साथ आने से ही यमुना साफ होगी। वहीं, सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि यमुना जी को स्वच्छ व अविरल करना हमारी सरकार की प्राथमिकता में है। पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हम सब इस काम में कामयाब भी होंगे। विधायक राजकुमार भाटिया ने कहा कि दिल्ली सरकार ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। जल्द ही इसकी विस्तृत कार्ययोजना दिल्ली वालों के सामने रखी जाएगी.
बता दें कि कार्यक्रम के दौरान एसडीएसएस की टीम ने विनय दास की लीडरशिप में सैंड आर्ट से यमुना नदी को जीवंत किया। वहीं करीब 120 फिट की पेंटिंग बनाई गई। इसमें अलग-अलग समय की यमुना को दर्शाया गया गया था। खास आकर्षण कृष्ण काल, मुगल काल, ब्रिटिश काल, आज की यमुना का दर्शन रहा। साथ ही समाज और सरकार से सहयोग से भविष्य की अविरल और निर्मल यमुना को दिखाया गया।
दूसरी तरफ पंकज फाइन आर्ट अकेडमी की तरफ से लाइव पेंटिंग बनाई गई। इसमें वंदन ने यमुना को साफ करते हुए यमुना को दिखाया गया। वहीं, कशिश गुप्ता ने भविष्य की यमुना दिखाई।पारस अरोड़ा यमुना और दिल्ली के संबंध को दिखाया। इसके अलावा कुसुम और उनकी टीम फूलों से यमुना की रंगोली बनाई।