42
NMC के अंडरग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन बोर्ड (UGMEB) के नोटिस के मुताबिक, यह मौका उन छात्रों को भी मिलेगा, जिन्होंने फर्स्ट प्रोफेशनल MBBS कोर्स पूरा करने की चार साल की तय अवधि पार कर ली है. हालांकि, उनका दाखिला वैध होना चाहिए और संबंधित कॉलेज या विश्वविद्यालय ने उसे रद्द नहीं किया होना चाहिए.
किन छात्रों को नहीं मिलेगा फायदा?
जो छात्र पहले ही NMC के पुराने फैसले या अदालत के आदेश के तहत मर्सी अटेम्प्ट का लाभ ले चुके हैं और परीक्षा देने के कुल पांच मौके पूरे कर चुके हैं, उन्हें दोबारा यह छूट नहीं मिलेगी. इसके अलावा, MBBS कोर्स पूरा करने की अधिकतम 10 साल की समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
क्यों लिया गया यह फैसला?
NMC ने 23 सितंबर 2026 को हुई अपनी 18वीं बैठक में इस प्रस्ताव पर विचार किया. आयोग के मुताबिक, छात्रों, विश्वविद्यालयों और अन्य संबंधित पक्षों ने विशेष परिस्थितियों के कारण एक और मौका देने की मांग की थी. इनमें कोविड-19 महामारी के चलते पढ़ाई में आई रुकावटें, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और दूसरी व्यक्तिगत परेशानियां शामिल थीं.
गौरतलब है कि शैक्षणिक सत्र 2019-20 और 2020-21 में दाखिला लेने वाले छात्रों को पहले भी एक बार मर्सी अटेम्प्ट देने का फैसला किया गया था. अब पात्र छात्रों को निर्धारित शर्तों के तहत एक अतिरिक्त मौका दिया जाएगा.
MBBS छात्रों को मर्सी अटेम्प्ट के लिए तय की गईं ये शर्तें
NMC के नए फैसले के तहत शैक्षणिक सत्र 2019-20 और उसके बाद MBBS में दाखिला लेने वाले पात्र छात्रों को फर्स्ट प्रोफेशनल परीक्षा पास करने के लिए एक अतिरिक्त मौका मिलेगा. हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं.
1. कुल 5 प्रयास का मौका: छात्रों को पहले से तय 4 प्रयासों के अलावा एक और मौका दिया जाएगा.
2. चार साल की अवधि पार करने पर भी राहत: जिन छात्रों के फर्स्ट प्रोफेशनल MBBS कोर्स के चार साल पूरे हो चुके हैं, वे भी इस छूट का लाभ ले सकते हैं. इसके लिए उनका दाखिला वैध होना चाहिए और कॉलेज या विश्वविद्यालय ने उसे रद्द नहीं किया होना चाहिए.
3. पहले मर्सी अटेम्प्ट ले चुके छात्रों को राहत नहीं: जो छात्र पहले ही अतिरिक्त मौका लेकर कुल 5 प्रयास पूरे कर चुके हैं, उन्हें अब छठा प्रयास नहीं मिलेगा.
4. 10 साल की समय-सीमा बरकरार: MBBS कोर्स और अनिवार्य रोटेटिंग मेडिकल इंटर्नशिप (CRMI) सहित पूरी पढ़ाई प्रवेश की तारीख से अधिकतम 10 साल में पूरी करनी होगी. अतिरिक्त मौका मिलने से यह समय-सीमा नहीं बढ़ेगी.
5. एक बार मिलने वाली विशेष छूट: यह फैसला लंबित पात्र मामलों को राहत देने के लिए लिया गया है. इसे भविष्य के बैचों के लिए नया नियम या अन्य छात्रों के लिए मिसाल नहीं माना जाएगा.
NMC ने सभी संबंधित विश्वविद्यालयों और मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वे इस फैसले के अनुसार पात्र छात्रों के मामलों में जरूरी कार्रवाई करें.
यह खबर भी पढ़ें: ‘नीतीश जी के लिए 9 मर्डर कराए’, अनंत सिंह ने किया बड़ा दावा; इस बयान से सियासी जगत में मची हलचल