Home > शिक्षा > NEET UG Re-Exam 2026: नीट यूजी परीक्षा में एयरफोर्स की एंट्री, ऐसे मदद लेगी सरकार, इस दिन होगी परीक्षा

NEET UG Re-Exam 2026: नीट यूजी परीक्षा में एयरफोर्स की एंट्री, ऐसे मदद लेगी सरकार, इस दिन होगी परीक्षा

NEET UG Re-Exam 2026 के लिए सरकार ने सुरक्षा बढ़ा दी है. 21 जून को होने वाली परीक्षा में प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन हेतु भारतीय वायु सेना (IAF) की मदद ली जाएगी.

By: Munna Verma | Published: May 28, 2026 10:21:20 PM IST



NEET UG Re-Exam 2026: नीट यूजी री-एग्जाम 2026 को लेकर केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को घोषणा की कि 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG री-एग्जाम के प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए भारतीय वायु सेना (IAF) की सहायता ली जाएगी. सरकार का कहना है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह “लीक-प्रूफ” बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

एक मीडिया बातचीत के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने के लिए “whole-of-government approach” अपना रही है. इस प्रक्रिया में शिक्षा मंत्रालय के साथ-साथ गृह मंत्रालय, डाक विभाग, राज्य सरकारें और अब भारतीय वायु सेना भी शामिल होगी.

उन्होंने कहा कि पहले प्रश्न पत्रों के परिवहन में मुख्य रूप से डाक विभाग की भूमिका होती थी, लेकिन इस बार मौसम और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए IAF को भी जिम्मेदारी दी जा रही है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रश्न पत्र सुरक्षित और समय पर सभी परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें.

क्यों लिया गया IAF को शामिल करने का फैसला?

जून महीने में कई राज्यों में मानसून और खराब मौसम की संभावना रहती है. ऐसे में प्रश्न पत्रों को सुरक्षित तरीके से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना बड़ी चुनौती बन सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने भारतीय वायु सेना की मदद लेने का निर्णय लिया है. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों को निष्पक्ष परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा.

उच्च स्तरीय बैठक में हुई चर्चा

इस मुद्दे पर गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच एक अहम बैठक भी हुई. बैठक में पेपर लीक रोकने, प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और परीक्षा संचालन को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई. सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह तय किया गया कि संवेदनशील परीक्षा केंद्रों और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क की निगरानी और सुरक्षा को पहले से अधिक सख्त बनाया जाएगा.

NEET UG 2026 परीक्षा क्यों हुई थी रद्द?

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 12 मई 2026 को 3 मई को आयोजित NEET UG परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया था. जांच में सामने आया था कि परीक्षा में पूछे गए कुछ सवाल परीक्षा से पहले ही लीक हो गए थे. इस खुलासे के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई थी. अब 21 जून को होने वाली री-एग्जाम को लेकर सरकार अतिरिक्त सावधानी बरत रही है ताकि छात्रों का भरोसा फिर से कायम किया जा सके.

री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें. एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और समय संबंधी जानकारी समय रहते डाउनलोड करना बेहद जरूरी होगा.

Advertisement