NEET UG Counselling 2026 Date: मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का इंतजार कर रहे NEET UG 2026 सफल उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) जल्द ही NEET UG Counselling 2026 का पूरा शेड्यूल जारी करने वाली है. इस काउंसलिंग के जरिए देशभर के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में MBBS और BDS कोर्स में प्रवेश दिया जाएगा.
MCC ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी साझा करते हुए बताया है कि काउंसलिंग की तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर MCC की वेबसाइट पर जाकर नए नोटिफिकेशन और अपडेट जरूर चेक करते रहें.
15% ऑल इंडिया कोटा समेत कई सीटों के लिए होगी काउंसलिंग
NEET UG Counselling 2026 का आयोजन स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) की MCC द्वारा किया जाएगा. इस काउंसलिंग के माध्यम से 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा (AIQ) की MBBS और BDS सीटों पर एडमिशन मिलेगा. इसके अलावा सेंट्रल यूनिवर्सिटी, आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC) पुणे, ESIC संस्थानों और अन्य भाग लेने वाले मेडिकल कॉलेजों की सीटों को भी शामिल किया जाएगा.
स्वास्थ्य मंत्री ने की काउंसलिंग तैयारियों की समीक्षा
NEET UG Counselling 2026 की तैयारियों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, आसान और मेरिट आधारित बनाने पर चर्चा की गई. इस दौरान MCC, DGHS और अन्य संबंधित विभागों की तैयारियों का जायजा लिया गया. इसमें काउंसलिंग शेड्यूल, ऑनलाइन सिस्टम, साइबर सिक्योरिटी, शिकायत समाधान व्यवस्था और छात्रों की सुविधा से जुड़े उपायों की समीक्षा की गई.
NEET UG Counselling 2026 में आएगा वन-टाइम फिजिकल रिपोर्टिंग सिस्टम
इस साल काउंसलिंग प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. छात्रों की परेशानी कम करने के लिए वन-टाइम फिजिकल रिपोर्टिंग फ्रेमवर्क लागू किया जाएगा. इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों को बार-बार कॉलेज जाने की परेशानी से बचाना है. सीट अलॉटमेंट के बाद उम्मीदवारों को ऑनलाइन माध्यम से Freeze या Float विकल्प चुनना होगा.
Freeze विकल्प चुनने वाले छात्रों के लिए नियम
जो उम्मीदवार अपनी अलॉट की गई सीट को स्वीकार कर लेंगे, उन्हें तय समय के भीतर संबंधित कॉलेज में जाकर रिपोर्ट करना होगा. इस दौरान:
ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन होगा
एडमिशन फीस जमा करनी होगी
दाखिले की बाकी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी
Float विकल्प से मिलेगा सीट अपग्रेडेशन का मौका
अगर उम्मीदवार बेहतर कॉलेज या सीट के लिए अगले राउंड में भाग लेना चाहते हैं, तो वे Float विकल्प चुन सकते हैं. ऐसे छात्रों को शुरुआती चरण में कॉलेज जाकर रिपोर्ट करने की जरूरत नहीं होगी. वे ऑनलाइन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पूरा करके अगले राउंड में सीट अपग्रेडेशन के लिए भाग ले सकेंगे. उनका प्रोविज़नल एडमिशन आगे की प्रक्रिया तक मान्य रहेगा.
तीसरे राउंड के बाद अनिवार्य होगी रिपोर्टिंग
सीट अपग्रेडेशन की सुविधा तीसरे राउंड तक उपलब्ध रहेगी. इसके बाद जिन छात्रों को सीट मिलेगी, उन्हें संबंधित संस्थान में जाकर ओरिजिनल डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, फीस भुगतान और एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
छात्रों के लिए आसान होगी मेडिकल एडमिशन प्रक्रिया
NEET UG Counselling 2026 में किए जा रहे बदलावों का उद्देश्य छात्रों के समय और खर्च को कम करना है. नई व्यवस्था से काउंसलिंग प्रक्रिया ज्यादा व्यवस्थित, पारदर्शी और छात्र-केंद्रित बनने की उम्मीद है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे काउंसलिंग से जुड़ी हर जानकारी के लिए केवल MCC की आधिकारिक वेबसाइट और जारी किए गए नोटिफिकेशन पर भरोसा करें.
ये भी पढ़ें…
Sarkari Naukri 2026: बिजली विभाग में निकली बंपर वैकेंसी, इस दिन से आवेदन शुरू, शानदार मिलेगी सैलरी