Home > शिक्षा > NEET UG का क्वेश्चन पेपर क्या वित्त मंत्रालय कर रहा है छपाई? Fact Check में जानिए क्या है सच्चाई

NEET UG का क्वेश्चन पेपर क्या वित्त मंत्रालय कर रहा है छपाई? Fact Check में जानिए क्या है सच्चाई

NEET UG 2026 री-एग्जाम के प्रश्न पत्र क्या वित्त मंत्रालय द्वारा छापे जा रहे हैं. इसके बारे में नीचे विस्तार से इसके सच्चाई को जान सकते हैं.

By: Munna Verma | Published: June 6, 2026 7:42:08 PM IST



NEET UG 2026 Re-Exam: नीट यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में एक दावा तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कहा गया कि परीक्षा के प्रश्न पत्र वित्त मंत्रालय के सुरक्षित प्रिंटिंग प्रेस में छापे जा रहे हैं. इस दावे ने लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी.

हालांकि, प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने इस दावे को पूरी तरह भ्रामक और फर्जी बताया है. यूनिट ने स्पष्ट किया कि NEET UG परीक्षा से जुड़े प्रश्न पत्रों की छपाई में वित्त मंत्रालय की कोई भूमिका नहीं है.

PIB ने क्या कहा?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक आधिकारिक पोस्ट में PIB फैक्ट चेक यूनिट ने कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा यह दावा किया जा रहा है कि NEET UG री-एग्जाम के प्रश्न पत्र वित्त मंत्रालय के सुरक्षित प्रेस में छापे जा सकते हैं. PIB ने इस दावे का खंडन करते हुए साफ कहा कि यह जानकारी तथ्यात्मक रूप से गलत है. एजेंसी ने दोहराया कि NEET UG परीक्षा का संचालन और उससे संबंधित सभी व्यवस्थाएं शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा की जाती हैं.


           

NTA करेगी परीक्षा का संचालन

राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG का आयोजन NTA द्वारा किया जाता है. री-एग्जाम की तैयारियों को लेकर एजेंसी पहले ही कई अहम कदम उठा चुकी है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि NEET UG 2026 री-एग्जाम के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे. परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जानी है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी.

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान

परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है. शिक्षा मंत्री ने पहले जानकारी दी थी कि प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए भारतीय वायु सेना (IAF) की सहायता भी ली जा सकती है. इस कदम का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित बनाना और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अफवाहों को रोकना है.

उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

PIB फैक्ट चेक यूनिट ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट खबरों पर विश्वास करने से बचना चाहिए. किसी भी अपडेट के लिए NTA और संबंधित सरकारी एजेंसियों की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखना सबसे सुरक्षित विकल्प है.

देशभर में लाखों छात्रों ने दी थी परीक्षा

NEET UG 2026 का आयोजन 3 मई को देश और विदेश के हजारों परीक्षा केंद्रों पर किया गया था. इस परीक्षा के लिए लगभग 22.79 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था. भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में 5,400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. ऐसे में परीक्षा से जुड़ी किसी भी सूचना की पुष्टि केवल आधिकारिक माध्यमों से करना ही छात्रों के हित में होगा.

Advertisement