Home > उत्तर प्रदेश > NEET UG 2026 Re-Exam: धर्मेंद्र प्रधान ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा, 23 लाख छात्रों पर फोकस

NEET UG 2026 Re-Exam: धर्मेंद्र प्रधान ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा, 23 लाख छात्रों पर फोकस

NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को आयोजित होगा. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और छात्रों की सुविधाओं को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की समीक्षा.

By: Munna Verma | Last Updated: May 28, 2026 12:28:59 PM IST



NEET UG 2026 Re-Exam: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को ISRO के पूर्व चेयरमैन के. राधाकृष्णन के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की. यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी और इसमें देशभर के 23 लाख से अधिक मेडिकल अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है.

सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) इस बार परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरत रही हैं. बैठक में परीक्षा केंद्रों की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.

उच्च स्तरीय समिति कर रही निगरानी

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, के. राधाकृष्णन उस उच्च-स्तरीय संचालन समिति के चेयरमैन हैं, जिसे NTA से जुड़ी सिफारिशों के कार्यान्वयन की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है. बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह और शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने परीक्षा संचालन को बेहतर बनाने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए उठाए गए नए कदमों की जानकारी साझा की.

परीक्षा सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी

NTA महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि मौजूदा सुरक्षा और निगरानी तंत्र का व्यापक मूल्यांकन किया गया है. इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित हो तथा छात्रों का भरोसा बना रहे.

छात्रों के लिए सुविधाओं पर विशेष ध्यान

धर्मेंद्र प्रधान ने बैठक में इस बात पर जोर दिया कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था, बिजली और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएं.

उन्होंने कहा कि छात्रों को परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी राज्य सरकारों और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा.

550 शहरों में होंगे 5,400 से अधिक परीक्षा केंद्र

NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा देश के 550 शहरों में 5,400 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. इतनी बड़ी परीक्षा को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें समन्वय के साथ काम कर रही हैं.

भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष निर्देश

देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने सभी मुख्यमंत्रियों, उपराज्यपालों और प्रशासकों को पत्र लिखकर सहयोग की अपील की है. जून के महीने में कई राज्यों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, इसलिए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी माना जा रहा है.

NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार और NTA पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं. सुरक्षा, पारदर्शिता और छात्रों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि लाखों उम्मीदवार बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें.

ये भी पढ़ें:GATE स्कोर से सीधे एयरफोर्स में बन सकते हैं अफसर, बस फॉलो करें ये टिप्स, बन जाएगा करियर

Advertisement