NEET UG 2026 Success Story: सफलता केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और मजबूत इरादों से हासिल होती है. NEET UG 2026 Success Story में बिहार के मोहम्मद अयान ने यही साबित कर दिखाया है. आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आने वाले अयान ने तमाम चुनौतियों के बावजूद Re-NEET UG 2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2695 हासिल कर मेडिकल कॉलेज का सपना साकार करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया.
उनकी कहानी उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के कारण अपने सपनों को अधूरा मान लेते हैं.
दर्ज़ी के बेटे का डॉक्टर बनने का सपना
बिहार के रहने वाले मोहम्मद अयान का परिवार आर्थिक रूप से मजबूत नहीं था. उनके पिता कढ़ाई और दर्ज़ी का काम करते हैं, जिससे होने वाली आय निश्चित नहीं थी. परिवार को हर खर्च सोच-समझकर करना पड़ता था, लेकिन इसके बावजूद अयान ने डॉक्टर बनने का सपना नहीं छोड़ा. कोविड-19 महामारी के दौरान जब पढ़ाई प्रभावित हुई और महंगी कोचिंग लेना संभव नहीं था, तब उन्होंने हार मानने के बजाय नया रास्ता चुना.
ट्यूशन पढ़ाकर जुटाया पढ़ाई का खर्च
11वीं कक्षा के दौरान अयान ने करीब चार महीने तक छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया. दिन में पढ़ाने और रात में खुद पढ़ाई करने की यह दिनचर्या आसान नहीं थी, लेकिन उन्होंने इसे अपनी मजबूरी नहीं, बल्कि अवसर बना लिया. सीमित समय के बावजूद उन्होंने पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखी और अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित किया.
ऑनलाइन पढ़ाई बनी सफलता की कुंजी
महंगी ऑफलाइन कोचिंग उनके परिवार की पहुंच से बाहर थी. ऐसे में अयान ने किफायती ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सहारा लिया और नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखी. उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान मुख्य रूप से NCERT, क्लास नोट्स, डेली प्रैक्टिस पेपर्स (DPPs) और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों पर फोकस किया. कई अलग-अलग किताबों के बजाय उन्होंने सीमित लेकिन भरोसेमंद अध्ययन सामग्री को बार-बार दोहराया.
असफलता से नहीं हारे, खुद को किया मजबूत
अयान बताते हैं कि तैयारी के दौरान कई बार टेस्ट में कम अंक आने से निराशा हुई. ड्रॉप ईयर की शुरुआत भी देरी से हुई, जिससे सिलेबस काफी पीछे रह गया था. इसके बावजूद उन्होंने एक-एक दिन पर ध्यान दिया। उनका मानना है कि मुश्किल समय में भविष्य की चिंता करने के बजाय रोज़ाना अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना ही सफलता का सबसे बड़ा मंत्र है.
Re-NEET 2026 की तैयारी कैसे की?
Re-NEET 2026 के लिए अयान ने नई रणनीति अपनाने के बजाय अपनी पुरानी तैयारी को और मजबूत किया. उन्होंने लगातार, रिवीजन किया, मॉक टेस्ट दिए, गलतियों का विश्लेषण किया और कमजोर विषयों पर अधिक समय दिया है. बीमारी के कारण 10 से 15 दिनों का नुकसान भी हुआ, लेकिन उन्होंने अपनी तैयारी को दोबारा व्यवस्थित करके मेहनत जारी रखी.
माता-पिता का भरोसा बना सबसे बड़ी ताकत
अयान के अनुसार, उनके माता-पिता ने कभी आर्थिक कठिनाइयों का दबाव उन पर नहीं डाला. उन्होंने हमेशा बेटे के सपने का समर्थन किया और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया. रिजल्ट आने के बाद परिवार बेहद खुश था, लेकिन माता-पिता ने उन्हें यह भी याद दिलाया कि यह मंजिल नहीं, बल्कि आगे की लंबी यात्रा की शुरुआत है.
महंगी कोचिंग नहीं, सही रणनीति जरूरी
अयान का मानना है कि NEET जैसी परीक्षा पास करने के लिए महंगी कोचिंग जरूरी नहीं है. सही अध्ययन सामग्री, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास सफलता की असली कुंजी हैं. उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करें, खुद पर विश्वास रखें और लगातार मेहनत करते रहें.
अब क्या है आगे का लक्ष्य?
NEET UG 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद अयान अब किसी अच्छे सरकारी मेडिकल कॉलेज में MBBS करना चाहते हैं. उनका कहना है कि मेडिकल की पढ़ाई के दौरान अलग-अलग स्पेशलाइजेशन को समझने के बाद ही वे भविष्य की दिशा तय करेंगे.
NEET UG 2026 Success Story यह साबित करती है कि सीमित संसाधन कभी भी सफलता की राह में स्थाई बाधा नहीं बनते. मोहम्मद अयान की कहानी हर उस छात्र के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को सच करना चाहता है. अगर लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और हौसला मजबूत हो, तो सफलता जरूर मिलती है.
ये भी पढ़ें…
Success Story: पिता चलाते थे किराना दुकान, 65 रुपये मंथली सैलरी वाली की नौकरी, अब 20000 करोड़ के हैं मालिक
CAT 2026 Registration: कैट के लिए इस दिन से आवेदन शुरू, फीस बढ़ी, जानें परीक्षा तिथि, योग्यता और पूरी प्रक्रिया