NCERT vs SCERT: भारत की शिक्षा व्यवस्था में अलग-अलग बोर्ड और पाठ्यक्रम छात्रों की जरूरतों के अनुसार काम करते हैं. इन्हीं में दो प्रमुख नाम राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) और राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) हैं. दोनों संस्थाएं शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, पाठ्यक्रम तैयार करने और छात्रों को बेहतर सीखने का माहौल देने में अहम भूमिका निभाती हैं.
लेकिन अक्सर अभिभावकों और छात्रों के मन में सवाल रहता है कि आखिर कौन सा बोर्ड बेहतर शिक्षा और मजबूत भविष्य की नींव तैयार करता है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.
NCERT क्या है और इसकी खासियतें
NCERT एक राष्ट्रीय स्तर की संस्था है, जो मुख्य रूप से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से जुड़े स्कूलों के लिए पाठ्यक्रम और किताबें तैयार करती है. इसका उद्देश्य पूरे देश में एक समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. NCERT की किताबें कॉन्सेप्ट आधारित पढ़ाई पर ज़ोर देती हैं. यही कारण है कि NEET, JEE, UPSC और CUET जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में NCERT की पुस्तकों को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है. इनका पाठ्यक्रम छात्रों की तार्किक क्षमता और विश्लेषणात्मक सोच को मजबूत करता है.
इसके अलावा, जो परिवार एक राज्य से दूसरे राज्य में स्थानांतरित होते रहते हैं, उनके बच्चों के लिए NCERT आधारित शिक्षा अधिक सुविधाजनक मानी जाती है क्योंकि CBSE स्कूलों में समान पाठ्यक्रम लागू होता है.
SCERT क्यों माना जाता है छात्रों के लिए उपयोगी
SCERT राज्य स्तर पर कार्य करने वाली संस्था है, जो राज्य बोर्ड स्कूलों के लिए पाठ्यक्रम और शिक्षण सामग्री तैयार करती है. हर राज्य का अपना SCERT बोर्ड होता है, जो स्थानीय भाषा, संस्कृति और क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखकर सिलेबस बनाता है. SCERT की किताबें अपेक्षाकृत सरल और सहज भाषा में होती हैं, जिससे ग्रामीण और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि के छात्रों को पढ़ाई समझने में आसानी होती है. राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए भी SCERT काफी उपयोगी साबित होता है.
NCERT और SCERT में मुख्य अंतर
पाठ्यक्रम का स्वरूप: NCERT राष्ट्रीय स्तर का पाठ्यक्रम अपनाता है, जबकि SCERT राज्य की आवश्यकताओं के अनुसार सिलेबस तैयार करता है.
प्रतियोगी परीक्षाओं में महत्व: राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए NCERT अधिक उपयोगी माना जाता है। वहीं SCERT राज्य स्तरीय परीक्षाओं पर अधिक फोकस करता है.
भाषा और सीखने की सुविधा: SCERT क्षेत्रीय भाषाओं में बेहतर विकल्प प्रदान करता है, जबकि NCERT मुख्य रूप से हिंदी और अंग्रेज़ी माध्यम पर आधारित होता है.
कठिनाई स्तर: NCERT का सिलेबस थोड़ा एडवांस और कॉन्सेप्ट आधारित होता है, जबकि SCERT अपेक्षाकृत सरल माना जाता है.
छात्रों के लिए कौन सा बोर्ड बेहतर है?
कौन सा बोर्ड बेहतर है, इसका जवाब पूरी तरह छात्र के लक्ष्य और जरूरतों पर निर्भर करता है. यदि छात्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं और बड़े संस्थानों में दाखिले का सपना देखता है, तो NCERT अधिक फायदेमंद हो सकता है. वहीं क्षेत्रीय भाषा, किफायती शिक्षा और स्थानीय अवसरों को प्राथमिकता देने वाले छात्रों के लिए SCERT बेहतर विकल्प बन सकता है.