NCERT CEE 2026 Registration: नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. छात्र जो कोई भी अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट टीचर एजुकेशन प्रोग्राम में प्रवेश लेना चाहते हैं, वे अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार NCERT की आधिकारिक वेबसाइट cee.ncert.gov.in पर जाकर अपना आवेदन फॉर्म भर सकते हैं.
NCERT द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार आवेदन करने की अंतिम तारीख 5 जून 2026 तय की गई है. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
इन कोर्सों में मिलेगा एडमिशन
NCERT CEE 2026 के माध्यम से कई प्रतिष्ठित शिक्षा कार्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा. इनमें बीएड, एमएड, इंटीग्रेटेड MScEd, इंटीग्रेटेड बीएड-एमएड और एजुकेशन टेक्नोलॉजी में एमए जैसे कोर्स शामिल हैं. यह प्रवेश परीक्षा देशभर के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन (RIEs) में एडमिशन के लिए आयोजित की जाती है. इस बार प्रवेश प्रक्रिया अजमेर, भोपाल, भुवनेश्वर, मैसूर, नेल्लोर और NERIE शिलांग स्थित संस्थानों के लिए लागू होगी. ये संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध हैं.
NCERT CEE 2026 परीक्षा कब होगी?
NCERT CEE 2026 परीक्षा 28 जून 2026 को आयोजित की जाएगी. परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में होगी. आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे शैक्षणिक प्रमाणपत्र, स्कैन की गई फोटो और हस्ताक्षर पहले से तैयार रखने चाहिए.
क्या है योग्यता मानदंड?
अलग-अलग कोर्स के लिए पात्रता मानदंड भी अलग तय किए गए हैं. इंटीग्रेडेट MScEd कोर्स में आवेदन करने वाले छात्रों के लिए 12वीं में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 50 प्रतिशत अंक लाने जरूरी हैं. वहीं SC, ST और PwD वर्ग के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं.
इसके अलावा, जिन्होंने 2024 या 2025 में 12वीं पास की है, वे भी आवेदन करने के योग्य हैं. वहीं 3 वर्षीय Integrated BEd-MEd प्रोग्राम के लिए उम्मीदवार के पास साइंस, सोशल साइंस या ह्यूमैनिटीज में पोस्टग्रेजुएट डिग्री होना जरूरी है, जिसमें न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए.
चयन प्रक्रिया में कैसे मिलेगा एडमिशन?
NCERT ने चयन प्रक्रिया को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है. उम्मीदवारों का चयन NCERT CEE 2026 स्कोर और शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा. प्रवेश प्रक्रिया में एंट्रेंस एग्जाम को 60 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा, जबकि 40 प्रतिशत वेटेज उम्मीदवार द्वारा प्राप्त एकेडमिक अंक को मिलेगा.
ये भी पढ़ें:NEET UG 2026 Controversy: NTA रहेगा या खत्म हो जाएगा अस्तित्व! आज होगा इसके भविष्य का फैसला