Home > शिक्षा > National Teachers Awards 2026: सिर्फ पढ़ाया नहीं, भविष्य संवारा, 48 शिक्षकों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

National Teachers Awards 2026: सिर्फ पढ़ाया नहीं, भविष्य संवारा, 48 शिक्षकों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

National Teachers Awards 2026 के तहत 48 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगी.

By: Munna Verma | Published: August 22, 2026 11:46:59 AM IST



National Teachers Awards 2026: देशभर के शिक्षकों के लिए शिक्षक दिवस 2026 इस बार खास होने जा रहा है. स्कूली शिक्षा और साक्षरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 48 स्कूल शिक्षकों को National Teachers Awards 2026 के लिए चुना गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर 2026 को एक विशेष समारोह में इन शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करेंगी.

इन शिक्षकों को उनके समर्पण, नवाचार और मेहनत के लिए सम्मानित किया जा रहा है. इनका योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इन्होंने विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों से चयन

स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के मुताबिक, National Teachers Awards 2026 के लिए चुने गए शिक्षक 27 राज्यों, सात केंद्र शासित प्रदेशों और छह केंद्रीय सरकारी संगठनों से हैं. पुरस्कार पाने वालों में 26 पुरुष और 22 महिलाएं शामिल हैं. इन शिक्षकों का संबंध विभिन्न प्रकार के शैक्षणिक संस्थानों से है. सूची में केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS), नवोदय विद्यालय समिति (NVS), सैनिक स्कूल, एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल और PM SHRI स्कूलों के शिक्षक भी शामिल हैं.

इन शिक्षकों को भी मिला स्थान

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों में अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व देखने को मिलता है. इनमें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से जे. प्रकाश राव, आंध्र प्रदेश से राजेश कौलुरी, अरुणाचल प्रदेश से याकू टेम, असम से राजेश बोरदोलोई और दिल्ली से सुमन गोयल शामिल हैं. जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल से ज़फ़र आलम को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है.

ये भी पढ़ें…

AIIMS Bharti: एम्स में बिना लिखित परीक्षा के नौकरी पाने का मौका, बस पूरी करनी है ये शर्तें, बढ़िया मिलेगी सैलरी

5 सितंबर को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

हर साल 5 सितंबर को भारत में शिक्षक दिवस मनाया जाता है. इसी अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 48 पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगी. समारोह में प्रत्येक शिक्षक के उल्लेखनीय कार्य और उपलब्धियों को दर्शाने वाली लघु डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की जाएगी.

तीन चरणों में हुआ शिक्षकों का चयन

National Teachers Awards 2026 के लिए चयन प्रक्रिया को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों में पूरा किया गया. इस प्रक्रिया के जरिए अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उत्कृष्ट शिक्षकों को चुना गया. गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम और लद्दाख समेत कई क्षेत्रों के शिक्षक इस सूची का हिस्सा हैं.

कक्षा से आगे योगदान की पहचान

National Teachers Awards केवल शिक्षण कार्य को सम्मानित करने तक सीमित नहीं है. यह उन शिक्षकों की मेहनत को पहचान देता है जो विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा और बेहतर भविष्य की उम्मीद पैदा करते हैं. Teachers Award 2026 के जरिए ऐसे शिक्षकों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा, जिनका प्रभाव स्कूल की चारदीवारी से कहीं आगे तक पहुंचा है.

Advertisement