Home > राजस्थान > JEE Success Story: गरीबी नहीं बनी रुकावट, पिता चलाते रहे ई-रिक्शा, बेटे ने JEE में लहराया सफलता का परचम

JEE Success Story: गरीबी नहीं बनी रुकावट, पिता चलाते रहे ई-रिक्शा, बेटे ने JEE में लहराया सफलता का परचम

JEE Success Story: राजस्थान के एक छोटे से गांव से आने वाले इंद्रजीत ने सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद JEE Advanced 2026 में शानदार रैंक हासिल की.

By: Munna Verma | Published: June 5, 2026 10:58:42 AM IST



JEE Success Story: देश के लाखों छात्रों का सपना IIT में पढ़ने का होता है, लेकिन यह सपना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. कुछ छात्र ऐसे भी होते हैं जो सीमित संसाधनों, आर्थिक चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत से नई मिसाल कायम कर देते हैं. राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के एक छोटे से गांव के रहने वाले इंद्रजीत की कहानी भी कुछ ऐसी ही है.

JEE Advanced 2026 में इंद्रजीत ने OBC-NCL श्रेणी में 1040वीं और कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में 4861वीं रैंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे परिस्थितियां छोटी पड़ जाती हैं.

छोटे गांव से बड़े सपनों तक का सफर

इंद्रजीत ऐसे गांव से आते हैं जहां आज भी कई बुनियादी सुविधाओं की कमी है. उनके पिता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं. परिवार की सालाना आय बेहद सीमित होने के बावजूद उन्होंने अपने बेटे के सपनों को कभी छोटा नहीं होने दिया. दिलचस्प बात यह है कि इंद्रजीत को शुरू में JEE और IIT के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. स्कूल के कुछ वरिष्ठ छात्रों से इस परीक्षा के बारे में सुनने के बाद उन्होंने इंटरनेट पर जानकारी जुटाई और तभी उनके भीतर IIT में पढ़ने का सपना जन्मा.

महंगी कोचिंग नहीं, ऑनलाइन पढ़ाई बनी ताकत

कोटा या अन्य बड़े शहरों में जाकर पढ़ाई करना उनके परिवार के लिए संभव नहीं था. ऐसे में उन्होंने ऑनलाइन शिक्षा का सहारा लिया. एक स्मार्टफोन और किफायती ऑनलाइन कोर्स के जरिए उन्होंने अपनी तैयारी शुरू की. हालांकि पढ़ाई के दौरान इंटरनेट और बिजली जैसी समस्याएं भी सामने आईं. लेकिन उनके पिता ने पास के गांव की एक लाइब्रेरी में पढ़ाई करने की सलाह दी, जहां मुफ्त इंटरनेट और शांत माहौल उपलब्ध था. यही जगह उनकी सफलता की सबसे बड़ी साथी बन गई.

ड्रॉप ईयर ने बदली तस्वीर

इंद्रजीत ने पहले भी JEE परीक्षा दी थी, लेकिन वह अपने प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे. इसलिए उन्होंने एक साल का ड्रॉप लेकर पूरी मेहनत के साथ दोबारा तैयारी की. इस दौरान उन्होंने अनुशासित दिनचर्या अपनाई और रोजाना कई घंटे पढ़ाई की. उनकी रणनीति नियमित अभ्यास, कॉन्सेप्ट की मजबूत समझ, निरंतर मेहनत और सरल थी.

माता-पिता का सपना बना प्रेरणा

इंद्रजीत बताते हैं कि उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा उनके माता-पिता हैं. वह हमेशा चाहते थे कि उनके माता-पिता उन पर गर्व महसूस करें. यही भावना उन्हें हर मुश्किल समय में आगे बढ़ने की ताकत देती रही. JEE Advanced में शानदार प्रदर्शन के बाद इंद्रजीत अब अपने पसंदीदा संस्थान IIT Roorkee में दाखिला लेने का सपना देख रहे हैं. उनकी रुचि Mathematics & Computing या AI & Data Science जैसे उभरते हुए क्षेत्रों में है.

Advertisement